Skip to content
Monday, 16 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
गोल्फ़,खेल

डब्ल्यूपीजीटी: 15वें लेग में वाणी, रिद्धिमा और त्वेसा पर रहेंगी निगाहें

डब्ल्यूपीजीटी: 15वें लेग में वाणी, रिद्धिमा और त्वेसा पर रहेंगी निगाहें

ग्रेटर नोएडा, 16 नवंबर . महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) का 15वां और 2026 सीजन का आखिरी चरण जेपी विशटाउन गोल्फ कोर्स में होने जा रहा है, जिसमें 44 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी. इनमें भारतीय महिला गोल्फ की कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं.

सभी की निगाहें वाणी कपूर और रिद्धिमा दिलावरी के साथ-साथ घरेलू सर्किट की अन्य स्टार खिलाड़ियों पर होंगी. घरेलू सर्किट का एक और जाना-माना नाम, त्वेसा मलिक भी इस टूर्नामेंट में शामिल हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा और मजबूत हो गई है.

रिद्धिमा इस टूर की सबसे निरंतर खिलाड़ी रही हैं, जिन्होंने अपने पहले 13 टूर्नामेंट्स में चार बार जीत हासिल की है और दो बार उपविजेता रहीं. उन्होंने कलहार ब्लूज एंड ग्रीन्स, पूना गोल्फ क्लब, जेपी विशटाउन और प्रेस्टीज गोल्फशायर में जीत दर्ज की है. पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और वह सीजन की रैंकिंग में सबसे आगे चल रही हैं.

वहीं, वाणी कपूर ने इस सीजन में दो बार जीत हासिल की है. इसमें डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में हुआ 13वां चरण भी शामिल है, जहां उन्होंने तीन-होल के प्ले-ऑफ में नई खिलाड़ी अन्वी दहिया को हराया था. इसके अलावा, वह तीन बार उपविजेता भी रही हैं. ‘हीरो विमेंस इंडियन ओपन’ में उनका दूसरा स्थान हासिल करना – जो ‘लेडीज यूरोपियन टूर’ पर उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है – उनके शानदार सीजन में एक और उपलब्धि जोड़ता है.

रिद्धिमा और त्वेसा की जोड़ी इस दिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले ग्रुप में से एक होगी. वे लावण्या जादौन के साथ सुबह 10:05 बजे अपना खेल शुरू करेंगी. त्वेसा ‘हीरो विमेंस इंडियन ओपन’ में सातवें स्थान पर रहने के बाद अपने प्रदर्शन को और बेहतर करना चाहेंगी. साथ ही, इस सीजन में उन्होंने एक घरेलू खिताब भी अपने नाम किया है.

वाणी कपूर सुबह 9:10 बजे अनन्या दातार और सान्वी सोमू के साथ अपने खेल की शुरुआत करेंगी. हालिया फॉर्म और अनुभव के कारण वह सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं, खासकर इसलिए क्योंकि वह पूरे सीजन की स्टैंडिंग में रिधिमा के साथ अपने फासले को कम करना चाहती हैं.

पिछले हफ्ते, जैस्मिन शेखर ने फाइनल राउंड में वाणी और रिद्धिमा को पछाड़ते हुए 1-ओवर 71 का स्कोर किया और दो शॉट्स से जीत हासिल कर इस सीजन का अपना दूसरा खिताब जीता.

इस टूर्नामेंट में कई अन्य अनुभवी पेशेवर और होनहार युवा गोल्फर भी हिस्सा ले रहे हैं. अमनदीप द्राल, स्नेहा सिंह, सेहर अटवाल, मन्नत बरार और श्वेता मानसिंह जैसे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं.

पहला राउंड सुबह 8.30 बजे से 11 बजे के बीच शुरू होगा. 2026 सीजन के समापन के करीब पहुंचने के साथ, यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए ‘हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट’ में अपनी स्थिति बेहतर करने का एक और मौका भी लेकर आया है.

–

आरएसजी

Share