
Mumbai , 13 अक्टूबर . Bollywood में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके किरदार और उनसे जुड़े किस्से सालों बाद भी याद किए जाते हैं. शाहरुख खान और काजोल की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (डीडीएलजे) भी ऐसी ही फिल्मों में शामिल है. फिल्म में शाहरुख ने राज का किरदार निभाया था, जबकि परमीत सेठी कुलजीत के रोल में नजर आए थे.
पर्दे पर दोनों के बीच सिमरन को लेकर टकराव देखने को मिला, लेकिन असल जिंदगी में दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी. परमीत सेठी ने एक इंटरव्यू में फिल्म की शूटिंग से जुड़ा ऐसा किस्सा सुनाया था, जब शाहरुख खान उनके लिए टीचर बन गए थे.
परमीत सेठी ने यह किस्सा फिल्म के 30 साल पूरे होने के मौके पर दिए एक इंटरव्यू में साझा किया था. उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान शाहरुख ने उनकी काफी मदद की. फार्महाउस पर फिल्माए गए एक सीन में दोनों को बीयर पीते हुए दिखाया जाना था. इस सीन में परमीत को मुंह से बोतल खोलनी थी, लेकिन वह सही टाइमिंग के साथ ऐसा नहीं कर पा रहे थे.
परमीत ने आगे बताया कि उस वक्त सूरज ढल रहा था और शूटिंग के लिए बहुत कम समय बचा था. ऐसे में सीन को जल्द पूरा करना जरूरी था. ऐसे में शाहरुख ने उन्हें समझाया कि मुंह से बोतल खोलने वाला शॉट किस तरह करना है. शाहरुख ने उन्हें तरीका समझाया और सीन को बेहतर बनाने में मदद की.
परमीत ने शाहरुख की तारीफ करते हुए कहा था कि वह बहुत शांत एक्टर हैं. वह दूसरे कलाकार को अच्छा शॉट देने का पूरा मौका देते हैं और जरूरत पड़ने पर दोबारा टेक लेने से भी पीछे नहीं हटते.
परमीत सेठी ने बताया कि शाहरुख खान के साथ उनकी जान-पहचान फिल्म की शूटिंग से पहले ही हो गई थी. वह अपनी पत्नी और Actress अर्चना पूरन सिंह के साथ मोरानी ब्रदर्स के वर्ल्ड टूर पर गए थे, जहां शाहरुख के स्टेज शो भी होते थे. इस दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी.
बता दें कि ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में परमीत ने कुलजीत का किरदार निभाया था, जो सिमरन के पिता बलदेव सिंह की पसंद होता है. फिल्म में राज और कुलजीत के बीच लड़ाई भी देखने को मिलती है. परमीत सेठी के करियर में डीडीएलजे एक खास फिल्म रही है.
–
पीके/एएस