Skip to content
Monday, 16 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
सिनेमा,मनोरंजन

जब कमजोर पड़ रहा था भोजपुरी सिनेमा, मोहनजी प्रसाद की ‘सइयां हमार’ ने जगाई नई उम्मीद

जब कमजोर पड़ रहा था भोजपुरी सिनेमा, मोहनजी प्रसाद की ‘सइयां हमार’ ने जगाई नई उम्मीद

Mumbai , 16 नवंबर . मोहनजी प्रसाद भोजपुरी सिनेमा के उन फिल्मकारों में शामिल रहे, जिन्होंने ऐसे दौर में फिल्मों के जरिए दर्शकों को फिर से सिनेमाघरों तक लाने में अहम भूमिका निभाई, जब भोजपुरी फिल्मों का कारोबार काफी कमजोर पड़ गया था. उन्होंने पारिवारिक कहानियों को पर्दे पर उतारने के साथ ऐसी फिल्में बनाईं, जिनसे भोजपुरी सिनेमा को नई पहचान मिली. उनकी फिल्म ‘सइयां हमार’ ने Actor रवि किशन के करियर को नई दिशा दी. हिंदी सिनेमा में भी उन्होंने कई पारिवारिक फिल्मों का निर्माण और निर्देशन किया था.

मोहनजी प्रसाद का नाम भोजपुरी फिल्मों के इतिहास में खास जगह रखता है. उन्होंने अपने करियर में हिंदी, भोजपुरी और बंगाली फिल्मों के लिए काम किया. वह सिर्फ निर्माता ही नहीं, बल्कि निर्देशक और कहानीकार भी थे. उनकी फिल्मों में परिवार, रिश्ते और आम जिंदगी से जुड़ी कहानियों को जगह मिलती थी.

हिंदी सिनेमा में मोहनजी प्रसाद ने ‘बड़े घर की बेटी’, ‘मां बेटी’ और ‘घर द्वार’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया. वहीं, उन्होंने ‘औरत तेरी यही कहानी’, ‘घर परिवार’, ‘दीवाना हूं पागल नहीं’, ‘मेघा’, ‘दोस्ती की सौगंध’, ‘फूलवती’ और ‘नाचे नागिन गली गली’ जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया. इन फिल्मों में मीनाक्षी शेषाद्रि, ऋषि कपूर, राजेश खन्ना और करिश्मा कपूर जैसे कलाकारों ने काम किया. हिंदी फिल्मों में पारिवारिक कहानियों के साथ काम करने के बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में भी इसी तरह की कहानियों को आगे बढ़ाया.

भोजपुरी सिनेमा के लिए उनका सबसे अहम योगदान साल 2001 में आई फिल्म ‘सइयां हमार’ को माना जाता है. उस समय भोजपुरी फिल्मों का कारोबार पहले जैसा नहीं रह गया था. फिल्में बन तो रही थीं, लेकिन दर्शकों के बीच उनकी पहुंच सीमित होती जा रही थी. ऐसे समय में मोहनजी प्रसाद ने रवि किशन को लेकर ‘सइयां हमार’ बनाई. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पांस मिला और यह सिल्वर जुबली हिट साबित हुई. फिल्म ने सिनेमाघरों में लगातार 25 हफ्ते पूरे किए.

इस फिल्म ने रवि किशन को भी बड़ा मौका दिया. उस समय वह हिंदी फिल्मों में अपने लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने बाद में एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उनका हिंदी फिल्मों में अच्छा समय नहीं चल रहा था, तब मोहनजी प्रसाद ने उन्हें ‘सइयां हमार’ में काम दिया. फिल्म की सफलता के बाद उनके पास भोजपुरी फिल्मों के कई प्रस्ताव आने लगे. रवि किशन ने इसके लिए मोहनजी प्रसाद को खास तौर पर श्रेय दिया था.

इसके बाद मोहनजी प्रसाद ने भोजपुरी फिल्मों में लगातार काम किया. उनकी फिल्म ‘पंडितजी बताईं ना बियाह कब होई’ साल 2005 में रिलीज हुई और दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई. फिल्म के नाम और इसके गानों ने भी लोगों का ध्यान खींचा. इस फिल्म के अलावा उन्होंने ‘हमार भौजी’, ‘गंगा जइसन माई हमार’, ‘राम बलराम’, ‘सइयां से कर द मिलनवा हे राम’, ‘माई बाप’, ‘रसिक बलमा’ और ‘हमार सैंया हिंदुस्तानी’ जैसी भोजपुरी फिल्मों से भी दर्शकों का मनोरंजन किया.

मोहनजी प्रसाद ने बंगाली सिनेमा में भी काम किया. उन्होंने ‘विधातार खेला’ और ‘माधुरी’ नाम की दो बंगाली फिल्मों का निर्माण किया था. उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में फिल्में बनाईं, लेकिन भोजपुरी सिनेमा के लिए उनका योगदान सबसे ज्यादा याद किया जाता है.

17 नवंबर 2020 को सूरत में उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उनका निधन हो गया. वह 80 वर्ष से अधिक उम्र के थे और पिछले कुछ समय से खराब स्वास्थ्य के कारण अपनी बेटी के साथ सूरत में रह रहे थे.

–

पीके/वीसी

Share