चेल्सी के साथ बने रहेंगे फॉरवर्ड खिलाड़ी कोल पामर, 2034 तक के लिए किया करार

लंदन, 10 अक्टूबर . चेल्सी फुटबॉल क्लब के फॉरवर्ड खिलाड़ी कोल पामर ने एक नए कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया है, जिसके तहत वह साल 2034 तक क्लब से जुड़े रहेंगे. अगस्त 2023 में टीम में शामिल होने के बाद से ही उन्होंने खुद को टीम के मुख्य अटैकिंग खिलाड़ियों में से एक के तौर पर स्थापित किया है.

24 वर्षीय खिलाड़ी ने चेल्सी के लिए 138 मैचों में 91 गोल में योगदान दिया है. इसके साथ ही उन्होंने क्लब को फीफा क्लब वर्ल्ड कप और यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग जिताने में भी अहम भूमिका निभाई है. पामर ने कहा कि वह चेल्सी के साथ अपना भविष्य जोड़ने को लेकर बहुत खुश हैं और उन्हें विश्वास है कि क्लब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है.

पामर ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “चेल्सी क्लब मेरे लिए बहुत मायने रखता है, और मुझे लगता है कि क्लब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, इसलिए मैं इस कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करके बहुत खुश हूं.” पामर ने आगे कहा, “क्लब के मालिकों, स्पोर्टिंग डायरेक्टर्स और मैनेजर से बात करने के बाद मुझे भविष्य को लेकर काफी भरोसा मिला. इसी कारण नया कॉन्ट्रैक्ट साइन करना मेरे लिए आसान फैसला था. जब मैंने टीम के खिलाड़ियों से बात की, तो मुझे महसूस हुआ कि सभी का लक्ष्य एक जैसा है. हम सभी बड़े खिताब जीतना चाहते हैं. मुझे विश्वास है कि यह क्लब आने वाले वर्षों में कई ट्रॉफियां जीतेगा. मैं उस सफर का हिस्सा बनना चाहता हूं और टीम की सफलता में अहम योगदान देना चाहता हूं.”

पामर ने अपने डेब्यू सीजन में ही जबरदस्त प्रभाव डाला था. 2023-24 सीजन में उन्होंने 25 गोल करने के साथ-साथ 19 असिस्ट भी किए थे. उनके छह गोल लगातार दो प्रीमियर लीग हैट्रिक से आए, और उन्होंने चेल्सी के ‘प्लेयर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड भी जीता. उन्होंने ‘प्रीमियर लीग यंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ और ‘प्रोफेशनल फुटबॉलर्स एसोसिएशन (पीएफए) यंग प्लेयर ऑफ द ईयर’ का सम्मान भी हासिल किया.

पामर ने अगले सीजन में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. उन्होंने वॉल्वरहैम्प्टन वांडरर्स के खिलाफ असिस्ट की हैट्रिक लगाई और फिर ब्राइटन एंड होव एल्बियन के खिलाफ पहले हाफ में चार गोल किए. उन्होंने चेल्सी की यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग जीत में अहम भूमिका निभाई और रियल बेटिस के खिलाफ फाइनल में दो असिस्ट दिए. इसके बाद, जुलाई 2025 में फीफा क्लब वर्ल्ड कप फाइनल में चेल्सी की पेरिस सेंट-जर्मेन पर 3-0 की जीत के दौरान उन्होंने दो गोल किए और जोआओ पेड्रो को गोल करने में मदद की.

पिछले सीजन में, पामर ने 14 और गोल में योगदान दिया, जिसमें यूईएफए चैंपियंस लीग में बायर्न म्यूनिख के खिलाफ एक गोल और वॉल्व्स के खिलाफ एक हैट्रिक शामिल थी. इंटरनेशनल स्तर पर यूरो 2024 में स्पेन के खिलाफ गोल करके पामर यूरोपियन चैंपियनशिप फाइनल में गोल करने वाले इंग्लैंड के दूसरे खिलाड़ी बने. उन्होंने मौजूदा सीजन की शानदार शुरुआत की है और चेल्सी के शुरुआती सात मैचों में चार गोल किए हैं और दो असिस्ट किए हैं.

–

एसएम/पीएम

Leave a Comment