चक्रवात ‘अर्नब’ के बीच तटरक्षक बल का हेलीकॉप्टर से बचाव अभियान

New Delhi, 29 अक्टूबर . Odisha में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने मुश्किल हालात में हवाई बचाव अभियान चलाया है. इस राहत व बचाव अभियान के दौरान छह लोगों की जान बचाई. इनमें दो महिलाएं, दो बच्चे और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं. सभी को बाढ़ से घिरे स्वास्थ्य केंद्र से हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, 29 अक्टूबर को उन्हें गंजाम जिला प्रशासन से संकट की यह सूचना मिली थी. इसके बाद भुवनेश्वर स्थित तटरक्षक बल के हवाई केंद्र से उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर (एएलएच एमके-3) तुरंत एक्शन में आया. तटरक्षक बल के अधिकारी हेलीकॉप्टर के साथ बचाव अभियान के लिए रवाना किए गए.
खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद हेलीकॉप्टर के चालक दल ने प्रभावित इलाके स्थित बाढ़ से घिरे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पता लगाया. यहां इस स्वास्थ्य केंद्र पर कुछ लोग पानी भर जाने के कारण फंसे हुए थे. बचाव दल ने हेलीकॉप्टर को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के ऊपर सावधानी पूर्वक स्थिर रखा.
इस दौरान बचाव दल ने विशेष उपकरण का इस्तेमाल किया. इन उपकरणों की मदद से छह लोगों को एक-एक करके सुरक्षित ऊपर हेलिकॉप्टर में खींच लिया. इसके बाद सभी को हेलीकॉप्टर से धाराकोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
गौरतलब है कि चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए भारतीय तटरक्षक बल के पूर्वोत्तर क्षेत्रीय मुख्यालय ने अपने हवाई और समुद्री संसाधनों को हाई अलर्ट पर रखा है. बल के विमान लगातार निगरानी, आपातकालीन निकासी और बाढ़ या अन्य आपदा के कारण अलग-थलग पड़े लोगों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने के लिए तैयार हैं.
तटरक्षक बल का यह अभियान दिखाता है कि खराब मौसम और बाढ़ जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी समय पर हवाई बचाव अभियान चलाना कितना महत्वपूर्ण है.
दरसल, इसी महीने समुद्र में भारतीय तटरक्षक बल ने ‘सारेक्स-2026’ राष्ट्रीय समुद्री खोज एवं बचाव अभ्यास किया था. इसमें शिप, विमान, लाइट हेलीकॉप्टर व चेतक हेलीकॉप्टर तैनात किए गए थे. ये सभी एक बड़े अभ्यास का हिस्सा थे. सारेक्स-2026 को इस बार बड़े और जटिल समुद्री बचाव अभ्यास के रूप में आयोजित किया गया था.
समुद्र में जब हालात चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं, तब किसी की जान बचाने के लिए हर सेकंड महत्वपूर्ण होता है. इसी तैयारी को परखने के लिए भारतीय तटरक्षक बल यह अभ्यास किया था. यह अभ्यास Odisha के पारादीप तट के पास किया गया था.
–
जीसीबी/एएसएच


