एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन, एकतरफा मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 से रौंदा

नागोया, 21 सितंबर . एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का दमदार प्रदर्शन जारी है. पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदने के बाद टीम ने दूसरे मैच में इंडोनेशिया को 17-1 से शिकस्त दी.

इस मुकाबले में भारतीय टीम की फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया के डिफेंस की धज्जियां उड़ा डालीं. भारतीय टीम मैच में शुरुआत से ही हावी नजर आई. टीम ने इंडोनेशिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया और एक के बाद एक गोल दागे. India की तरफ से दीपिका, ऋतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोलों की अपनी हैट्रिक पूरी की. वहीं, सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने भी दो-दो गोल दागते हुए India की जीत में अहम भूमिका निभाई. कप्तान सलीमा टेटे और इशिका ने भी एक-एक गोल किया.

शुरुआती दो क्वार्टर में India का पूरी तरह से दबदबा रहा. पहले हाफ में ही India ने 9-0 की बड़ी बढ़त हासिल की. इंडोनेशिया की तरफ से एकमात्र गोल तीसरे क्वार्टर में इन्नेस आदित्य ने किया. इस इकलौते गोल के अलावा इंडोनेशिया एक बार भी India के डिफेंस को भेदने के करीब तक नहीं पहुंच सका. पहले क्वार्टर में India ने कुल 4 गोल किए. इसके बाद दूसरे क्वार्टर में टीम ने अपने इसी प्रदर्शन को दोराया और 5 गोल करने में सफलता हासिल की.

मैच के तीसरे क्वार्टर में इंडोनेशिया द्वारा किए गए एक गोल के मुकाबले India ने 5 गोल दागे. वहीं, मुकाबले के चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने तीन गोल करते हुए मैच को 17-1 से अपने नाम किया. इस मुकाबले में 3 गोल करने वालीं दीपिका का प्रदर्शन उज्बेकिस्तान के खिलाफ भी शानदार रहा था और उन्होंने 8 गोल किए थे. वह दो मैचों में अब तक कुल 11 गोल कर चुकी हैं. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पूल बी में पहला स्थान हासिल कर लिया है. टीम अपने इसी प्रदर्शन को आने वाले मुकाबलों में भी बरकरार रखना चाहेगी.

एसएम/पीएम

Leave a Comment