इशिता दत्ता ने बच्चों के साथ किया गणपति सेलिब्रेशन, बोलीं-‘उनकी खुशी इन पलों को और खास बना देती है’

Mumbai , 15 सितंबर . ‘दृश्यम’ एक्ट्रेस इशिता दत्ता अपने पति वत्सल सेठ और बच्चों वायु और वेदा के साथ गणपति उत्सव मना रही हैं. बच्चों के साथ त्योहार सेलिब्रेट करने को लेकर वह काफी एक्साइटेड हैं. उनका कहना है कि जब घर में बच्चे होते हैं तो त्योहार का मजा ही अलग हो जाता है. उनकी खुशी, उत्साह और मासूमियत पूरे सेलिब्रेशन को और खास बना देती है.

इशिता ने पति वत्सल सेठ और बच्चों के साथ गणेश चतुर्थी मनाने के अनुभव को शेयर करते हुए कहा, ”बच्चों के साथ त्योहार मनाने से हर चीज ज्यादा एक्साइटिंग लगती है. उनका उत्साह देखकर खुद भी त्योहार को लेकर खुशी और बढ़ जाती है. मुझे अच्छा लगता है कि मैं वायु और वेदा के साथ इन त्योहारों को सेलिब्रेट कर पाती हूं और उनके लिए इन मौकों को खास बना पाती हूं.”

इशिता ने कहा, ”आजकल हर कोई अपनी जिंदगी में काफी बिजी है. ऐसे में त्योहार एक ऐसा मौका बनकर आते हैं, जब परिवार के लोग अपनी रोजमर्रा की भागदौड़ से थोड़ा ब्रेक ले सकते हैं और साथ में क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं. मेरे लिए यही छोटे-छोटे फैमिली मोमेंट्स सबसे ज्यादा मायने रखते हैं.”

गणेश चतुर्थी को लेकर अपनी फीलिंग्स बताते हुए इशिता ने कहा, ”बप्पा का घर में आना मेरे लिए हमेशा से बहुत खास रहा है. गणपति बप्पा के आगमन के साथ घर का माहौल पॉजिटिव हो जाता है. चारों तरफ एक अलग तरह की एनर्जी महसूस होती है और मन में शांति आती है. यह त्योहार मुझे अपनी जिंदगी में मौजूद अच्छी चीजों के लिए शुक्रगुजार होने का भी मौका देता है.”

एक्ट्रेस ने कहा, ”मैं हर साल बप्पा के आशीर्वाद का इंतजार करती हूं. इस दौरान मैं अपने परिवार और सभी लोगों के लिए खुशी, अच्छी सेहत, शांति और पॉजिटिविटी की कामना करती हूं. गणेश चतुर्थी जैसे त्योहार हमें जिंदगी की भागदौड़ के बीच उन लोगों और रिश्तों की अहमियत समझाते हैं, जो हमारे लिए सबसे ज्यादा खास हैं.”

वर्कफ्रंट की बात करें तो इशिता दत्ता के लिए यह साल काफी बिजी रहा है. वह फिल्म ‘घमासान’ में नजर आ चुकी हैं और अब चर्चित फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के तीसरे पार्ट यानी ‘दृश्यम 3’ में अपने किरदार के साथ वापसी करने वाली हैं. फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं.

पीके/पीएम

Leave a Comment