Skip to content
Wednesday, 11 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

आयुष म्हात्रे सीएसके के लिए भविष्य के बड़े स्टार, टीम के पास उर्विल को ट्रेड करने का मौका: अभिनव मुकुंद

आयुष म्हात्रे सीएसके के लिए भविष्य के बड़े स्टार, टीम के पास उर्विल को ट्रेड करने का मौका: अभिनव मुकुंद

New Delhi, 11 नवंबर . India के पूर्व बल्लेबाज अभिनव मुकुंद का मानना ​​है कि पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को ट्रेड करने के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए, क्योंकि वह इस फ्रेंचाइजी के लिए भविष्य के बड़े स्टार हैं.

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि 17 नवंबर (आईपीएल 2027 के लिए रिटेंशन की समय-सीमा) से पहले, और 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी से पहले, पांच बार की चैंपियन सीएसके को उर्विल पटेल को ट्रेड करने पर विचार करना चाहिए. म्हात्रे, जिनकी कप्तानी में India ने इस साल अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था, पिछले महीने रणजी ट्रॉफी में वापसी के दौरान अपनी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट (टियर) लगवा बैठे थे, जिसके लिए उनकी सर्जरी हुई है.

म्हात्रे के दो से तीन महीने तक मैदान से बाहर रहने की संभावना है. दिलचस्प बात यह है कि इस साल के आईपीएल में सीएसके के लिए खेलते समय भी म्हात्रे की बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था. अभिनव मुकुंद ने ‘जियोस्टार’ के साथ बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि सीएसके के पास उर्विल पटेल जैसे खिलाड़ी को ट्रेड करने का मौका है. सीएसके की टीम में पहले से ही आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं. अगर ये सभी बल्लेबाज फिट रहते हैं, तो दुर्भाग्य से उर्विल के लिए टीम में जगह नहीं बन पाएगी.”

उन्होंने आगे कहा, “इसी कारण अगर सीएसके इन सभी बल्लेबाजों को अपने भविष्य के रूप में देख रही है, तो उन्हें उर्विल पटेल को ट्रेड कर देना चाहिए. वह ऐसी टीम के लिए बहुत काम आ सकते हैं, जिसे टॉप-ऑर्डर में आक्रामक बल्लेबाजी और एक विकेटकीपर की जरूरत हो. आयुष म्हात्रे को ट्रेड नहीं किया जा सकता. वह सीएसके के लिए भविष्य के बड़े स्टार हैं. वह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हैं, ओपनिंग भी कर सकते हैं और टीम को एक विस्फोटक शुरुआत देते हैं.”

मुकुंद ने आगे कहा, “अभी उनके पास टॉप-ऑर्डर के बहुत सारे बल्लेबाज हैं. हर कोई टॉप-4 में बल्लेबाजी करना चाहता है, और यही एक समस्या है. तो क्यों न उर्विल को रिलीज कर दिया जाए और सरफराज को बैकअप के तौर पर रखा जाए? इससे सीएसके की टीम ज्यादा संतुलित हो जाएगी और उर्विल को भी वह खेलने का समय मिल सकेगा, जिसके वह हकदार हैं.”

सीएसके पिछले दो सीजन से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है, और ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह बैटिंग ऑलराउंडर शिवम दुबे को टीम से बाहर कर सकते हैं. हालांकि, मुकुंद का मानना ​​है कि स्पिन के खिलाफ अच्छा खेलने वाले इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को टीम में बने रहना चाहिए.

उन्होंने आगे कहा, “शिवम दुबे को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन मैं व्यक्तिगत रूप से उन्हें टीम में रखना चाहूंगा क्योंकि मुझे लगता है कि सीएसके को ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है. 2023 में टीम की सफलता में उनकी अहम भूमिका थी. वह मिडिल ऑर्डर में एक ऐसे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जो स्पिन गेंदबाजों का अच्छे से सामना कर सकते हैं और इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर वह मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर सकते हैं.”

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा, “चेपॉक की धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर उनकी गेंदबाजी और भी ज्यादा काम आती है, क्योंकि वह गेंद को जोर से पटकते हैं जिससे उसे ग्रिप मिलती है. वह दबाव वाली स्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं, और टीम में ऐसे खिलाड़ियों का होना जरूरी है. अगर ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम खत्म हो जाता है, तो टीम में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाएगी. अगर सीएसके उन्हें जाने देती है, तो नीलामी में उनके जैसा दूसरा खिलाड़ी ढूंढना बहुत मुश्किल होगा. इसी कारण शिवम दुबे को टीम में बने रहना चाहिए, मेरे हिसाब से उन्हें टीम में रखना एक बहुत ही आसान और सही फैसला है.”

–

एसएम/डीकेपी

Share