Skip to content
Saturday, 28 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

आयुर्वेदिक शोध को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए दिल्ली में 1 दिसंबर को होगा ‘अभ्युदय दर्शन’ ओपन हाउस

आयुर्वेदिक शोध को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए दिल्ली में 1 दिसंबर को होगा ‘अभ्युदय दर्शन’ ओपन हाउस

New Delhi, 28 नवंबर . आयुर्वेद में हो रहे शोध, नई उपचार पद्धतियों और आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के साथ अनुसंधान सहयोग को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेंट्रल आयुर्वेदिक रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएआरआई) 1 दिसंबर को ‘अभ्युदय दर्शन’ नाम से ओपन हाउस आयोजित करेगा. संस्थान के निदेशक डॉ. हेमंत ने बताया कि कार्यक्रम में आयुर्वेदिक अनुसंधान, उपचार संबंधी अध्ययन, वैज्ञानिक साक्ष्यों और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा.

सेंट्रल आयुर्वेदिक रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. हेमंत ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि बड़े अनुसंधान संस्थान हर साल ओपन हाउस आयोजित करते हैं, ताकि आम लोगों को यह जानकारी मिल सके कि संस्थान में किस तरह का शोध हो रहा है. नई बीमारियों के उपचार के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं और अनुसंधान के क्षेत्र में क्या प्रगति हुई है. इसी उद्देश्य से पहली बार संस्थान की ओर से बड़े स्तर पर यह आयोजन किया जा रहा है. केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) के विभिन्न क्षेत्रीय संस्थान भी अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे.

डॉ. हेमंत ने बताया कि कार्यक्रम के लिए करीब 500 विद्यार्थियों ने प्रतिनिधियों के रूप में पंजीकरण कराया है. इसके अलावा एम्स, आईआईटी दिल्ली, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) और दिल्ली विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ मिलकर किए जा रहे शोध कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा. इन संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके लिए विशेष वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आयुर्वेदिक अनुसंधान और आधुनिक चिकित्सा के बीच सहयोग पर चर्चा होगी.

उन्होंने कहा कि ओपन हाउस में आम लोगों और मरीजों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर भी लगाया जाएगा. इसमें बताया जाएगा कि प्रदूषण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से कैसे बचा जा सकता है और बीमारियों की रोकथाम के लिए खानपान तथा जीवनशैली में क्या बदलाव करने चाहिए. बीमारी होने पर किन सावधानियों का पालन करना चाहिए, इस पर भी विशेषज्ञ जानकारी देंगे.

इसके साथ ही विद्यार्थियों को अनुसंधान की प्रक्रिया समझाने के लिए प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया जाएगा. इसके साथ ही पोस्टर और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. औषधीय पौधों और उनके उपयोगों की जानकारी भी दी जाएगी.

डॉ. हेमंत ने कहा कि आयुर्वेद को केवल पारंपरिक दावों के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक शोध, विश्वसनीय साक्ष्यों और जिम्मेदार संवाद के माध्यम से आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि त्रिफला के पाचन संबंधी लाभों के बारे में केवल दावा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से यह समझाना जरूरी है कि यह किस प्रकार काम करता है.

उन्होंने बताया कि सीसीआरएएस की ओर से स्मार्ट, अग्नि, पीजी-स्टार, स्पार्क, आर्म्स जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इनके माध्यम से शिक्षकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अनुसंधान के लिए प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता दी जाती है. पीजी-स्टार योजना के तहत अच्छे शोध प्रस्तावों के लिए एक लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है. वहीं, स्पार्क के माध्यम से आयुर्वेद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को शोध के अवसर दिए जाते हैं.

1 दिसंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा पद्धति के राष्ट्रीय आयोग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे.

–

एसएके/वीसी

Share