आईसीसी ने पॉल रीफेल को बतौर अंपायर 100 वनडे मैच पूरे करने पर दी बधाई

Dubai , 11 नवंबर . इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने Wednesday को पॉल रीफेल को उनके अंपायरिंग करियर में एक अहम उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी. हैमिल्टन में India और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच में अंपायरिंग करने के साथ ही वह पुरुषों के 100 वनडे मैचों में अंपायरिंग करने वाले 23वें अधिकारी बन गए हैं.
‘एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स’ के सदस्य रीफेल, यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे ऑस्ट्रेलियाई बन गए हैं. उनसे पहले डेरिल हार्पर, साइमन टॉफेल, डेरेल हेयर, स्टीव डेविस और रॉड टकर भी यह मुकाम हासिल कर चुके हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने 60 वर्षीय रीफेल को इस उपलब्धि पर बधाई दी. आईसीसी के इवेंट्स और क्रिकेट ऑपरेशंस के जनरल मैनेजर, गौरव सक्सेना ने एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर से खेल के एक सम्मानित अंपायर बनने तक के उनके सफर की तारीफ की.
सक्सेना ने कहा, “आईसीसी खुद को भाग्यशाली मानता है कि उसके पास अंपायरों का एक ऐसा बेहतरीन पैनल है, जिनके पास पूर्व खिलाड़ी और अंपायर दोनों के रूप में खेल का गहरा अनुभव और समझ है. पॉल इस सफर का एक शानदार उदाहरण हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलने के बाद उन्होंने सफलतापूर्वक अंपायरिंग की दुनिया में कदम रखा और खुद को खेल के सबसे सम्मानित अंपायरों में से एक के रूप में स्थापित किया. ‘एलीट पैनल’ में उनके 13 साल, उनकी निरंतरता, पेशेवर रवैये और उनके द्वारा बनाए रखे गए उच्च मानकों को दर्शाते हैं.”
सक्सेना ने आगे कहा, “आईसीसी की ओर से मैं पॉल को अंपायर के तौर पर 100 वनडे मैचों का अहम मुकाम हासिल करने पर बधाई देता हूं और उनके आने वाले वर्षों के लिए उन्हें और सफलता की शुभकामनाएं देता हूं.” अंपायरिंग में आने से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए एक तेज गेंदबाज के तौर पर खेल चुके रीफेल ने आईसीसी, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और अपने पूरे सफर में उनका समर्थन करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया.
रीफेल ने कहा, “मैं इतने वर्षों तक समर्थन देने के लिए आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का आभारी हूं. साथ ही, ‘एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स एंड रेफरीज’ में अपने साथियों का भी शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने इस सफर में मुझे बेहतरीन सहयोग दिया और समय-समय पर सलाह दी.”
उन्होंने आगे कहा, “मैं अपने परिवार और दोस्तों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे और जिन्होंने मुझे लगातार समर्थन और प्रोत्साहन दिया.” खेल के सर्वोच्च स्तर पर शामिल रहना एक शानदार सफर रहा है – पहले एक क्रिकेटर के रूप में और फिर एक अंपायर के रूप में. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे ये मौके मिले. मैं आने वाले वर्षों में और भी कई मैचों का हिस्सा बनने और कई और यादें बनाने के लिए उत्सुक हूं.”
खिलाड़ी के तौर पर अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के छह साल बाद 2005 में रीफेल को ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय अंपायर पैनल में शामिल किया गया था. 2008 में वह आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ अंपायर्स में नियुक्त होने वाले पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट क्रिकेटर बने. इसके बाद, जून 2013 में उन्हें एलीट पैनल में प्रमोट किया गया.
अंपायर के तौर पर उनका पहला वनडे असाइनमेंट फरवरी 2009 में था, जब मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला न्यूजीलैंड से हुआ था. तब से उन्होंने 2015, 2019 और 2023 के आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप, और साथ ही 2017 और 2025 के आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंटों में अंपायरिंग की है. रीफेल और श्रीलंका के कुमार धर्मसेना के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज है. वह इकलौते ऐसे दो अधिकारी हैं, जिन्होंने 90 वनडे मैचों में खिलाड़ी के तौर पर खेलने के साथ-साथ अंपायरिंग भी की है.
–
एसएम/डीकेपी


