Skip to content
Friday, 13 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

पटना में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कई कार्यक्रमों में हुए शामिल

Patna में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कई कार्यक्रमों में हुए शामिल

New Delhi, 11 नवंबर . भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने Patna के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर भगवान श्री चित्रगुप्त के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर उन्होंने समस्त देशवासियों और बिहार की जनता के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं चौमुखी समृद्धि की मंगलकामना की.

दर्शन-पूजन के दौरान नितिन नवीन ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा समारोहों में सहभागिता की. इसके उपरांत उन्होंने अपनी बहनों के साथ भाई दूज का पावन पर्व हर्षोल्लास से मनाया. भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास के इस पावन बंधन पर शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह पवित्र पर्व हमारे सामाजिक ताने-बाने, पारिवारिक मूल्यों और आपसी प्रेम को प्रगाढ़ बनाता है.

नितिन नवीन ने सर्वप्रथम श्रीश्री चित्रगुप्त पूजा कमेटी, न्यू कॉलोनी, खगौल, दानापुर द्वारा आयोजित पूजा समारोह में प्रतिभाग किया. इसके पश्चात वे चित्रगुप्त समाज बिहार द्वारा चित्रगुप्त भवन, खगौल रोड, अनिसाबाद में आयोजित पूजा समारोह में सम्मिलित हुए. उन्होंने श्री चित्रगुप्त पूजा समिति, ठाकुरबाड़ी, गर्दनीबाग तथा श्री चित्रगुप्त आदि मंदिर, चित्रगुप्त घाट (नौजर घाट), दीवान मुहल्ला, Patna सिटी सहित अन्य पूजा पंडालों में भी पहुंचकर भगवान श्री चित्रगुप्त जी का आशीर्वाद प्राप्त किया.

दोपहर बाद उन्होंने गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति, रोड नंबर 12 में श्री चित्रगुप्त पूजा समिति द्वारा आयोजित समारोह में सहभागिता की तथा पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर उन्होंने पूजा समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया.

इस अवसर पर उन्होंने ने समस्त देशवासियों एवं बिहारवासियों को चित्रगुप्त पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने विशेष रूप से सभी कलमजीवियों को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चित्रगुप्त पूजा का पर्व हम सभी प्रत्येक वर्ष पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं. इस वर्ष भी हम पूरे समाज और सभी कलमजीवियों के साथ मिलकर इस पावन पर्व को मना रहे हैं.

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चित्रगुप्त पूजा की परंपरा के अनुसार हम अपने कार्यों, कमियों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा अपने आराध्य देव के समक्ष प्रस्तुत करते हैं. भगवान श्री चित्रगुप्त जी की इस परंपरा और आदर्श को हम सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्मों का लेखा-जोखा भगवान श्री चित्रगुप्त जी के समक्ष प्रस्तुत करता है, उसी प्रकार जनप्रतिनिधियों का भी दायित्व है कि वे अपने कार्यों का विवरण जनता और समाज के समक्ष प्रस्तुत करें.

इस पूजा का मूल संदेश यही है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्मों का आत्ममंथन करे और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करे. उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की. साथ ही, समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया.

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, Patna साहिब विधायक रत्नेश कुशवाहा, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

–

एएमटी/डीकेपी

Share