असम राइफल्स ने मणिपुर के गांवों में स्थानीय लोगों संग मनाई दीपावली, निंगोल चाकौबा पर बढ़ा भाईचारा

इंफाल, 11 नवंबर . असम राइफल्स ने मणिपुर के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर दीपावली और निंगोल चाकौबा का त्योहार धूमधाम से मनाया. इस पहल के माध्यम से क्षेत्र में शांति, सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक संरक्षण के मूल्यों को बढ़ावा दिया गया.
असम राइफल्स के जवानों ने चंदेल जिले के गम्फाजोल, चांगपोल, फैसांगजंग, मोलचम, न्यू समताल, ओल्ड समताल और ऐवोमजंग गांवों के निवासियों के साथ मिलकर दीपावली मनाई. दूर-दराज के सीमावर्ती इलाकों में सद्भावना और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश फैलाते हुए जवानों ने ग्रामीणों के साथ बातचीत की, मिठाइयां बांटीं और दीये जलाए. इस संयुक्त उत्सव ने आपसी जुड़ाव की भावना को गहरा किया और सुरक्षा बलों और स्थानीय आबादी के बीच आपसी विश्वास और सम्मान के बंधन को मजबूत किया.
अपनी सामुदायिक पहुंच पहल को जारी रखते हुए असम राइफल्स ने 10 नवंबर 2026 को नामबोल में निंगोल चाकौबा का आयोजन किया. यह एक पारंपरिक मणिपुरी त्योहार है, जो भाई-बहनों के बीच स्नेह के बंधन का प्रतीक है. इस कार्यक्रम में बिष्णुपुर जिले के ओइनम, मैबम चिंगमिंग, मैबम चिंगमांग और नामबोल सबल लीकाई की 48 महिलाओं और 2 बच्चों ने हिस्सा लिया.
उत्सव के दौरान म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता, पारंपरिक मणिपुरी लोक नृत्य, स्थानीय व्यंजन और मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ. शामिल महिलाओं ने सुरक्षा बल की इस वार्षिक पहल की दिल से सराहना की. यह पहल सामाजिक सीमाओं से परे जाकर लोगों के बीच अपनापन, एकजुटता और स्थायी मित्रता को बढ़ावा देती है.
असम राइफल्स ने 10 से 11 नवंबर 2026 तक चंदेल, उखरुल, कामजोंग, तेंगनौपाल, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में कई सामुदायिक पहुंच कार्यक्रम आयोजित किए. इन कार्यक्रमों का मुख्य फोकस नागरिक-सैन्य सहयोग, युवाओं के सशक्तिकरण, नशीले पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूकता और खेल भावना को बढ़ावा देने पर था.
चंदेल जिले के नुंगौरोक गांव में जवानों ने ऑल ट्राइबल विमेंस ऑर्गनाइजेशन की लगभग 30 सदस्यों के साथ बातचीत की. इस समूह का नेतृत्व अध्यक्ष मोइखम रोंगलो और कार्यवाहक सचिव सुनीता सलेमराम कर रही थीं. इस दौरान स्थानीय परिवारों को कंबल और घर के लिए जरूरी सामान बांटे गए.
इंफाल पूर्व जिले में जवानों ने लिलोंग के कलाईलेई खोंग में 17 स्थानीय युवाओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किए. साथ ही के सोमरेई गांव में स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत की, जिसमें करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, डिजिटल जागरूकता और खेलों पर ध्यान दिया गया. इसके अलावा उपहारों और मिठाइयों का आदान-प्रदान करके दीपावली और निंगोल चाकौबा का त्योहार भी मनाया गया. क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देने के लिए इंफाल पश्चिम जिले के वाइनम गांव में स्थानीय निवासियों के साथ एक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं से शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के दूत के रूप में काम करने का आग्रह किया गया.
स्वास्थ्य, शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से असम राइफल्स के 72 जवानों ने नशा मुक्त India अभियान के तहत आयोजित एक जागरूकता फिल्म स्क्रीनिंग में भाग लिया. यह कार्यक्रम मुख्यालय महानिरीक्षक असम राइफल्स (दक्षिण) के हाफलॉन्ग हॉल में हुआ.
तेंगनौपाल जिले के मोरेह स्थित चावांगफाई में असम राइफल्स और एस मोलजोल और गोवाजंग गांवों की पुरुष और महिला टीमों के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच आयोजित किए गए. इन मैचों को 30 ग्रामीणों ने देखा और भाग लेने वाली टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. 11 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर असम राइफल्स ने खेल प्रतियोगिताएं, शैक्षिक चर्चाएं और उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किए. इनमें उखरुल और कामजोंग जिलों के कासोंग, सोर्डे और एआरपीएस शांगशाक के 126 छात्रों और 15 शिक्षकों ने हिस्सा लिया.
इस बीच असम राइफल्स ने 4 असम राइफल्स के सेवानिवृत्त हवलदार (दिवंगत) कामथियनलाल के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. 67 वर्षीय कामथियनलाल मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के तुइबोंग स्थित खोपी वेंग के निवासी थे और 10 नवंबर 2026 को उनका निधन हो गया. 10 नवंबर को चुराचांदपुर में उन्हें अंतिम विदाई दी गई. राष्ट्र के प्रति उनकी समर्पित सेवा के सम्मान में असम राइफल्स के जवानों ने औपचारिक रूप से पुष्प चक्र अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी. अंतिम संस्कार के दौरान लगभग 273 लोग उपस्थित थे, जिनमें परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और शुभचिंतक और असम राइफल्स के 23 जवान शामिल थे.
–
एससीएच/डीकेपी


