अंकिता लोखंडे-विक्की जैन से कृष्णा-कश्मीरा तक, रोहित शर्मा की होस्टिंग के मुरीद हुए सितारें

Mumbai , 9 अक्टूबर . टीवी और मनोरंजन जगत के चर्चित सितारों कृष्णा अभिषेक, कश्मीरा शाह, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने, आपसी रिश्तों और खेल-खेल में होने वाली नोकझोंक के बारे में बात की. साथ ही उन्होंने शो के होस्ट रोहित शर्मा के अंदाज की भी तारीफ की.

कृष्णा अभिषेक ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ”जब पूरा परिवार एक साथ आता है और उनके बीच थोड़ा कॉम्पिटिशन होता है, तो माहौल और भी मजेदार हो जाता है. इस शो में छोटी-छोटी फैमिली इक्वेशन देखने को मिलती हैं. इससे पता चलता है कि कौन सबसे ज्यादा कॉम्पिटिटिव है, किसे सबसे पहले गुस्सा आता है और कौन चुपचाप जीतने की कोशिश कर रहा है.”

कृष्णा ने रोहित शर्मा की होस्टिंग की तारीफ करते हुए कहा, ”रोहित ने इस पूरे माहौल को बहुत अच्छी तरह संभाला. वह रिलैक्स्ड थे, उनकी कॉमिक टाइमिंग अच्छी थी और उन्हें पता था कि कब परिवारों को खुलकर मस्ती करने देनी है. दर्शकों को उनका यह अंदाज देखकर अच्छा लगेगा.”

कश्मीरा शाह ने कहा, ”परिवार के साथ इस शो का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद मजेदार और यादगार अनुभव रहा. हम सभी ने साथ में हंसी-मजाक किया, एक-दूसरे को छेड़ा और खेलों में हिस्सा लिया. इन खेलों से परिवार के सदस्यों का मुकाबला करने वाला अंदाज सामने आता है, लेकिन असली मजा उनके रिएक्शन, हंसी और साथ बिताए छोटे-छोटे पलों में है.”

उन्होंने आगे कहा, ”रोहित शर्मा ने होस्ट के तौर पर सभी को कम्फर्टेबल महसूस कराया. हमने बहुत अच्छा समय बिताया. दर्शकों को यह देखना पसंद आएगा कि परिवार के सदस्य एक साथ आकर किस तरह मस्ती करते हैं.”

आरती सिंह ने शो की खासियत बताते हुए कहा, ”मुझे ऐसे शो पसंद हैं, जहां लोगों को खुद को परफेक्ट दिखाने की जरूरत नहीं होती और वे बिना किसी बनावट के अपने असली इमोशन्स जाहिर कर सकते हैं. जब परिवार के लोग एक साथ गेम्स में हिस्सा लेते हैं, तो अपने आप असली रिएक्शन सामने आने लगते हैं, जो शो को मनोरंजक बनाते हैं.”

आरती ने कहा, ”रोहित शर्मा ने पूरे अनुभव को बहुत सहज बना दिया. उनकी होस्टिंग नेचुरल थी और परिवारों के साथ उनका रिएक्शन काफी मजेदार था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं उन्हें इस अंदाज में देखूंगी. उन्होंने मुझे सच में हैरान कर दिया. यह ऐसा शो है, जिसे मैं अपने परिवार के साथ घर पर बैठकर देखना चाहूंगी.”

अंकिता लोखंडे इस शो में अपने पति विक्की जैन, मां और ननद के साथ शामिल हुईं. उन्होंने कहा, ”विक्की, मेरी मां और मेरी ननद, सभी के अलग-अलग स्वभाव है. गेम के दौरान यह फर्क और भी मजेदार तरीके से सामने आया. गेम्स से पता चलता है कि कौन जीतने को लेकर सीरियस है और कौन अपनी शरारतों से पूरे माहौल को मजेदार बना रहा है.”

उन्होंने रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए कहा, ”होस्ट के तौर पर उनका चंचल अंदाज मेरे लिए हैरान करने वाला था. मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को मेरे परिवार की मस्ती और आपसी तालमेल देखना पसंद आएगा.”

वहीं, विक्की जैन ने कहा, ”अपने करीबी लोगों के साथ कुछ बेहतरीन यादें तब बनती हैं, जब सभी मस्ती करते हैं. इस शो ने मुझे ठीक ऐसा ही अनुभव दिया. हमने खूब मजा किया और गेम्स को और रोमांचक बना दिया. रोहित ने होस्ट के तौर पर शानदार काम किया और हर चीज को बहुत आसानी से संभाला.”

–

पीके/एएस

Leave a Comment