
काकामिगाहारा, 31 मई . अंडर-18 विमेंस एशियन कप में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. मलेशिया को पहले मैच में हराने के बाद India ने पूल ए के अपने दूसरे मैच में कोरिया के खिलाफ 3-1 से शानदार जीत दर्ज की.
India के लिए इस मुकाबले में नौशीन नाज, श्रुति कुमारी, और किरण एक्का ने गोल दागा. मैच की शुरुआत ही भारतीय टीम के लिए शानदार रही. शुरुआती क्वार्टर में टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसका पूरा फायदा नौशीन ने उठाया और मैच के चौथे ही मिनट में गोल करते हुए India को 1-0 की बढ़त दिला दी.
भारतीय टीम ने गेंद पर अपना दबदबा बनाए रखा और दूसरे क्वार्टर में अपनी बढ़त दोगुनी कर ली. 21वें मिनट में श्रुति ने शानदार गोल किया, जिससे India को हाफ-टाइम ब्रेक तक 2-0 की आरामदायक बढ़त मिल गई. ब्रेक के बाद कोरिया ने वापसी की कोशिश की और तीसरे क्वार्टर में स्कोर 2-1 कर दिया, जब ग्योंगमिन रयू ने 41वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया.
हालांकि, India ने जल्द ही दो गोल की बढ़त वापस पा ली. प्लेयर ऑफ द मैच रहीं किरण एक्का ने 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में तब्दील किया, जिससे India की बढ़त 3-1 हो गई और मुकाबला पूरी तरह से उनके कंट्रोल में आ गया. भारतीय टीम आखिरी क्वार्टर में भी अनुशासन में रही, और कोरिया को कोई और गोल करने का मौका नहीं दिया. भारतीय टीम ने मैच के दौरान चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जबकि कोरिया ने दो पेनल्टी कॉर्नर जीते.
मलेशिया और कोरिया के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच जीतने के बाद India अब छह पॉइंट्स के साथ पूल ए स्टैंडिंग में पहले स्थान पर आ गया है. टीम ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में 2 जून को सिंगापुर से भिड़ेगी, जहां भारतीय टीम की कोशिश अपने विजयी अभियान को लगातार तीसरे मैच में बरकरार रखने की होगी.
–
एसएम/पीएम