‘इन यादों को किसी चीज से नहीं बदल सकती’, सिब्लिंग्स डे पर शमिता संग यादें साझा कर भावुक हुईं शिल्पा शेट्टी

Mumbai , 10 अप्रैल . आम लोगों की तरह ही फिल्मी सितारे भी अपने परिवार के साथ बिताए पलों को बेहद संजोकर रखते हैं और खास मौकों पर उन्हें फैंस के साथ साझा करते हैं. इस कड़ी में Actress शिल्पा शेट्टी ने सिब्लिंग्स डे के अवसर पर अपनी छोटी बहन शमिता शेट्टी के साथ बिताई यादों को साझा किया.

शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो साझा किया. इस वीडियो में उनके बचपन से लेकर अब तक के कई अनदेखे पल शामिल हैं, जिसमें दोनों बहनों की मस्ती, हंसी और उनके बीच की गहरी बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है.

वीडियो में अलग-अलग तस्वीरों के साथ मजेदार लाइन्स भी लिखी गई है. कुछ तस्वीरों में दोनों अलग अंदाज में खड़ी नजर आ रही हैं, तो कहीं खाने की बात सुनते ही उनका उत्साह देखने को मिल रहा है.

वीडियो के साथ शिल्पा ने रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘तमाशा’ का गाना ‘मटरगश्ती’ का इस्तेमाल किया. इस गाने को मोहित चौहान ने गाया. गाने की मस्ती और वीडियो का इमोशन एक-दूसरे के साथ पूरी तरह मेल खा रहे हैं.

शिल्पा शेट्टी ने कैप्शन में लिखा, ”बहनों का रिश्ता प्यार, पागलपन और यादों का ऐसा संगम होता है, जिसे मैं कभी किसी भी चीज के लिए बदलना नहीं चाहूंगी.”

अगर शमिता शेट्टी की बात करें, तो उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2000 में फिल्म ‘मोहब्बतें’ से की थी. इसके बाद उन्होंने ‘बेवफा’, ‘जहर’ और ‘कैश’ जैसी फिल्मों में काम किया. फिल्मों के अलावा उन्होंने कई चर्चित रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली.

वहीं शिल्पा शेट्टी की बात करें, तो वे हाल ही में फिल्म ‘सुखी’ में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन सोनल जोशी ने किया था. इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया, जो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से निकलकर खुद को फिर से पहचानने की कोशिश करती है. यह कहानी हर उस महिला से जुड़ती है, जो अपने सपनों को फिर से जीना चाहती है.

आने वाले समय में शिल्पा शेट्टी फिल्म ‘केडी: द डेविल’ में नजर आने वाली हैं, जिसमें उनके साथ ध्रुव सरजा, संजय दत्त, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रेशमा नानैया, जीशु सेनगुप्ता और नोरा फतेही जैसे कलाकार नजर आएंगे.

पीके/पीएम

Leave a Comment