शादी के बाद सीधे मतदान केंद्र पहुंचे नवविवाहित दंपति, चुनाव आयोग ने शेयर की तस्वीर

चेन्नई/कोलकाता, 23 अप्रैल . तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान जारी है. इस बीच चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों से ऐसी तस्वीरें और कहानियां साझा की हैं, जो मतदाताओं की जागरूकता और भागीदारी को दर्शाती हैं.

तमिलनाडु के चेन्नई से एक बेहद खास तस्वीर सामने आई, जहां एक नवविवाहित जोड़ा शादी के तुरंत बाद साथ में मतदान करने पहुंचा. इस जोड़े ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह संदेश दिया कि हर वोट देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करता है.

इसी कड़ी में एक बुजुर्ग महिला मतदाता की तस्वीर भी सामने आई, जो पूरे उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ मतदान करने पहुंचीं. यह दृश्य इस बात का प्रतीक है कि लोकतंत्र में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है और उम्र इसमें कोई बाधा नहीं बनती. पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग में भी एक बुजुर्ग महिला ने वोट डालने के बाद गर्व से अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई.

वहीं त्रिची जिले में दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. यहां मतदान केंद्रों पर मोबाइल डिपॉजिट सुविधा और अन्य इंतजाम किए गए हैं, ताकि दिव्यांगजन आसानी और सम्मान के साथ मतदान कर सकें.

इसके अलावा दार्जिलिंग जिले से एक और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई, जहां एक बुजुर्ग महिला मतदान के बाद खुशी से मुस्कुराती नजर आईं. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारी का दिन है.

इन सभी तस्वीरों और संदेशों के जरिए चुनाव आयोग लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे आगे बढ़ें, मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं.

बता दें कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान शुरू हो गया है. तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है. वहीं, पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर चुनाव जारी है. बाकी के 142 सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा.

दोनों राज्यों में मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सुबह से ही वोटिंग सेंटर्स पर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है.

वीकेयू/एएस

Leave a Comment