
कोलकाता, 26 जून . पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संदर्भ में कहा कि हम लोग एक विधान और एक निशान पर चलने वाले लोग हैं. इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. हमारा देश संविधान के अनुरूप चलता है.
उन्होंने Friday को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि एक विधान और एक निशान के तहत अब तक कई कदम उठाए जा चुके हैं और आगामी दिनों में भी कई कदम उठाए जाएंगे. यूसीसी उसी कड़ी का एक हिस्सा है. पश्चिम बंगाल में भी इसे लागू किया जाएगा. हम सभी लोग एक ही राह पर चलने वाले लोग हैं. बेशक हमारी भाषा और संस्कृति अलग हो, लेकिन हम लोग एक ही हैं. इसके सिद्धांत के तहत पहले जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त किया गया था. हिंदुस्तान अब एक ही नियम से चलेगा.
इसके अलावा, उन्होंने टीएमसी की ओर से पूर्व में दिए गए उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि हम यूसीसी को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे.
इस पर पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब टीएमसी राज्य में है नहीं. उसे ही प्रदेश की जनता ने लागू नहीं होने दिया. अब टीएमसी में कुछ ही लोग बचे हैं, जो जल्द ही छोड़कर चले जाएंगे. चार पांच लोगों से मिलकर कोई पार्टी नहीं बनती. टीएमसी को मेरा सुझाव रहेगा कि पहले वो अपने घर के मुद्दे सुलझाए. इसके बाद हमारे मामलों में हस्तक्षेप करें. हम सीएए और एनआरसी से जुड़े मुद्दों को खुद ही सुलझा लेंगे.
वहीं, उन्होंने एंटी सोशल एक्ट को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उनके मुताबिक, एंटी सोशल एक्ट के तहत अगर कोई हमारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होकर रहेगी. उसे किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा. यह हमारी संपत्ति है और इसकी रखवाली हमारी जिम्मेदारी है.
शारद्वत मुखर्जी ने साफ किया कि आप लोग अहिंसा का रास्ता अपनाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. इससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन, आपको ध्यान रखना होगा कि विरोध प्रदर्शन की आड़ में किसी भी प्रकार की हिंसात्मक स्थिति पैदा न हो.
स्वास्थ्य मंत्री डेंगू की बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही तैयारियों को लेकर भी अपनी जानकारी दी. उनके मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए पूरी रूपरेखा तैयार की जा चुकी है, जिसे जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा. इसे उतारने की दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी. हम स्वास्थ्य संबंधी चीजों को लेकर काफी जागरूक रहने वाले लोग हैं. हम लोग आगामी दिनों में 15 दिनों में बैठक करेंगे, जो कि दिसंबर तक चलेगी. हम विभिन्न जिलों के लोगों से संपर्क कर रहे हैं. स्कूल कॉलेज में जाकर बच्चों को लेकर डेंगू से जागरूकर कर रहे हैं. हम उन्हें बता रहे हैं कि इस बीमारी से बचा जा सके. हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कहीं पर भी पानी एकत्रित नहीं हो.
–
एसएचके/वीसी