मुंबई एयरपोर्ट पर ‘बैग में बम’ कहकर यात्री ने किया मजाक, रोकी गई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट; यात्री हिरासत में

Mumbai , 13 अगस्त . छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टी2) पर एक यात्री के गैर-जिम्मेदाराना मजाक से उस समय हड़कंप मच गया, जब उसने सुरक्षा जांच के दौरान अपने बैग में बम होने की बात कह दी. इस बयान के बाद दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को टेक ऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री को विमान से उतारकर हिरासत में ले लिया.

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की Mumbai से दिल्ली जाने वाली उड़ान प्रस्थान के लिए तैयार थी. बोर्डिंग गेट पर एयरलाइन के असिस्टेंट सिक्योरिटी मैनेजर ओमप्रकाश राजभर और सुरक्षा अधिकारी रवींद्र रोकडे यात्रियों के हैंड बैग की नियमित जांच कर रहे थे. इसी दौरान जब अधिकारियों ने सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्री से पूछा कि उसके बैग में माचिस, लाइटर, कैंची या कोई अन्य प्रतिबंधित चीज तो नहीं है, तब 55 वर्षीय यात्री अनुज जयराम सुवर्णा ने कथित तौर पर बेफिक्री से कह दिया कि उसके ‘बैग में बम’ है.

यात्री के मुंह से “बम” शब्द सुनते ही एयरलाइन कर्मचारियों और सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरलाइन अधिकारियों ने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सूचना दी. सूचना मिलते ही सीआईएसएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री को विमान से उतार लिया और उसे हिरासत में ले लिया.

सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरे विमान को खाली कराया गया और सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया. इसके बाद सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ते ने विमान, कार्गो होल्ड और यात्रियों के सामान की विस्तृत जांच शुरू की. कई घंटों तक चली गहन तलाशी और सुरक्षा जांच के बाद किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.

जांच पूरी होने और विमान को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों को दोबारा बोर्डिंग की अनुमति दी गई. इसके बाद इंडिगो की फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना किया गया. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को भी लंबा इंतजार करना पड़ा.

बाद में सीआईएसएफ ने आरोपी यात्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सहार Police के हवाले कर दिया. सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर Police ने मामला दर्ज कर अनुज सुवर्णा को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसने यह बात मजाक में कही थी और उसका किसी तरह की धमकी देने का इरादा नहीं था.

हालांकि, Police और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हवाई अड्डों पर सुरक्षा से जुड़े मामलों में इस तरह के मजाक को बेहद गंभीरता से लिया जाता है. यात्री की इस हरकत से न केवल अन्य यात्रियों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना, बल्कि विमान की उड़ान भी कई घंटे प्रभावित रही, जिससे एयरलाइन को परिचालन और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.

फिलहाल Police ने आरोपी को चेतावनी नोटिस जारी कर रिहा कर दिया है, लेकिन मामले की जांच जारी है. अधिकारियों ने कहा कि हवाई सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रामक बयानबाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है.

डीबीपी

Leave a Comment