
मेरठ, 2 मार्च . होली के पावन पर्व पर Wednesday को नमो India और मेरठ मेट्रो की सेवाओं के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया गया है. प्रबंधन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, होली के दिन सुबह निर्धारित समय पर ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी. दोनों सेवाएं शाम 5:00 बजे से संचालित की जाएंगी.
अधिकारियों ने बताया कि 4 मार्च को नमो India और मेरठ मेट्रो की ट्रेनें शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी. त्योहार को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि कर्मचारी और यात्री अपने परिवार के साथ होली का त्योहार सुगमता से मना सकें. शाम 5 बजे के बाद ट्रेनों का संचालन नियमित अंतराल पर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक प्रतीक्षा न करनी पड़े.
मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे संशोधित समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं. अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले संचालन समय की जानकारी अवश्य सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है. त्योहार के मद्देनजर स्टेशन परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम भी किए जाएंगे.
इस अवसर पर यात्रियों को राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई है. अब नमो India और मेरठ मेट्रो की सेवाएं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेंगी. पहले Sunday को संचालन समय में बदलाव रहता था, लेकिन नई व्यवस्था के तहत Monday से Sunday तक प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक नियमित रूप से ट्रेनें संचालित की जाएंगी.
प्रबंधन का कहना है कि यह फैसला यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. नई व्यवस्था लागू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा. अधिकारियों ने यात्रियों से अधिक जानकारी और अपडेट के लिए आधिकारिक सूचना माध्यमों पर नजर बनाए रखने का अनुरोध किया है.
प्रबंधन ने बताया कि शाम के समय स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे लोगों को परेशानी न हो और स्टेशन पर अराजक तत्वों के प्रवेश के लिए भी अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिया गया है.
–
एसएके/एएस