4352 दिनों के बाद टी20 वर्ल्ड कप में नेपाल की जीत का सूखा समाप्त, अब तक सिर्फ 3 मैच में फतह

New Delhi, 17 फरवरी . नेपाल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 33वें मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इसी के साथ नेपाल ने 4,352 दिनों के बाद टी20 वर्ल्ड कप में कोई मुकाबला जीता. इससे पहले नेपाली टीम ने 20 मार्च 2014 को अफगानिस्तान के विरुद्ध 9 विकेट से जीत हासिल की थी.

यह दो वर्ल्ड कप मैच जीतने के बीच दिनों के अंतर से सबसे बड़ा फासला है. आयरलैंड की टीम इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर है, जिसने 2,770 दिनों के बाद टी20 वर्ल्ड कप मैच जीता था. जिम्बाब्वे की टीम लिस्ट में तीसरे स्थान पर है. इस टीम ने 2,412 दिनों के बाद टी20 वर्ल्ड कप मैच में जीत दर्ज की थी, जबकि नीदरलैंड ने 2,408 दिनों के बाद ऐसा किया था.

नेपाल ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अब तक 10 मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ 3 ही जीते. इस टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2014 में दो जीत दर्ज की थी. हांगकांग के विरुद्ध 80 रन से मैच जीतने के बाद उसी विश्व कप में नेपाल ने अफगानिस्तान को 9 रनों के करीबी अंतर से हराया था.

Tuesday को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने 7 विकेट खोकर 170 रन बनाए. इस टीम के लिए माइकल जोन्स ने 45 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 71 रन की पारी खेली, जबकि जॉर्ज मुन्से ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, ब्रैंडन मैकमुलेन ने 25 रन जोड़े.

विपक्षी खेमे से सोमपाल कामी ने 25 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि नंदन यादव ने 2 विकेट निकाले. रोहित पौडेल और कुशल भुर्तेल को एक-एक विकेट हाथ लगा.

इसके जवाब में नेपाल ने 19.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस टीम के लिए कुशल भुर्तेल और आसिफ शेख की सलामी जोड़ी ने 9.1 ओवरों में 74 रन की साझेदारी की. आसिफ 33 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कुशल ने 43 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. नेपाल ने 98 के स्कोर पर तीसरा विकेट खो दिया था, जहां से गुलशन झा ने दीपेंद्र सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों में 73 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई. स्कॉटलैंड की तरफ से तीनों विकेट माइकल लीस्क ने हासिल किए.

आरएसजी

Leave a Comment