
ग्रेटर नोएडा, 16 मई . ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की कई दुकानें उसकी चपेट में आ गईं. घटना थाना बिसरख क्षेत्र की बताई जा रही है.
सूचना मिलते ही Police और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे तक चले संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि मार्केट में स्थित एक फर्नीचर शॉप में अचानक बिजली के तारों में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग भड़क उठी. फर्नीचर और लकड़ी का सामान अधिक मात्रा में होने के कारण आग ने तेजी से फैलकर आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
देर रात आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख Police, फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए फायर विभाग की करीब 30 दमकल गाड़ियों को लगाया गया. दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक मशक्कत करते हुए आग को फैलने से रोका.
राहत की बात यह रही कि समय रहते लगभग 15 से 20 दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. फायर अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में कुल आठ दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. दुकानों में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई. हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए थे.
Police ने इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए. प्रशासन की ओर से बताया गया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है. फिलहाल Police और फायर विभाग द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.
–
पीकेटी/एएस