
विरार, 23 मार्च . विरार में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक महिला की बेरहमी से हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया गया. वारदात को वसई तहसील क्षेत्र के मांडवी Police थाना क्षेत्र अंतर्गत विरार पूर्व के शिरवली इलाके में अंजाम दिया गया. शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है महिला की उम्र 25 से 30 साल बताई गई है.
महिला का धारदार हथियार से गला रेता गया और सिर पर गंभीर वार किया गया था. Police अधिकारी के अनुसार, 21 मार्च की दोपहर वज्रेश्वरी से शिरसाड जाने वाले मुख्य मार्ग से करीब 30 मीटर दूर स्थानीय किसान रमेश घरत के खेत में महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही मांडवी Police मौके पर पहुंची.
मांडवी Police थाना के वरिष्ठ Police निरीक्षक रणजित आंधले ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभ में इस मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह हत्या का मामला है. इसके बाद Police ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया.
महिला सांवले रंग की बताई जा रही है. उसने गुलाबी रंग की लेगिंग और उस पर सफेद डिजाइन वाला पीले रंग का टॉप पहना हुआ था. अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. वरिष्ठ Police निरीक्षक रणजित आंधले ने बताया कि हत्या के पीछे के कारण और आरोपी का पता लगाने के लिए 4 अलग-अलग टीमें और क्राइम ब्रांच की टीम जांच कर रही है. Police आसपास के इलाकों के cctv फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का दावा कर रही है.
इससे पहले भी मांडवी Police थाना क्षेत्र के वडघर इलाके में विवाहेतर संबंधों के विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को खदान में फेंक दिया था.
–
एसडी/वीसी