कोंकण रेलवे में प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित 36 पदों पर नौकरी के अवसर, 23 और 24 जून को वॉक-इन इंटरव्यू

अमरावती, 2 जून . जो लोग रेलवे में काम करना चाहते हैं, उनके लिए कोंकण रेलवे निगम लिमिटेड (केआरसीएल) ने मैकेनिकल/प्रोजेक्ट विभाग में एक वर्ष की प्रारंभिक अवधि के लिए संविदा आधार पर विभिन्न 36 पदों के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं.

कोंकण रेलवे की ओर से जारी 36 रिक्तियों में प्रोजेक्ट इंजीनियर/एम एंड पी का 1, प्रोजेक्ट इंजीनियर/इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का 1, टेक्नीशियन/मैकेनिकल के 5, टेक्नीशियन/इलेक्ट्रिकल के 16, यार्ड ऑपरेशंस सुपरवाइजर का 1 और शंटिंग ऑपरेटर के 12 पद शामिल हैं.

इन सभी पोस्ट के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसमें आवेदन पत्रों की प्रारंभिक जांच, समूह चर्चा (जीडी)/लिखित परीक्षा (यदि आवश्यक हो), नामित समिति द्वारा व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण जैसे चरण शामिल होंगे. वहीं, चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 25,700 से 57,140 रुपए के बीच प्रति माह होगी.

वॉक-इन इंटरव्यू 23 जून को प्रोजेक्ट इंजीनियर/एम एंड पी, प्रोजेक्ट इंजीनियर/इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस, यार्ड ऑपरेशंस सुपरवाइजर और शंटिंग ऑपरेटर पदों के लिए और 24 जून को टेक्नीशियन/मैकेनिकल एवं टेक्नीशियन/इलेक्ट्रिकल पोस्ट के लिए ‘प्रशासनिक भवन, वैगन मरम्मत कार्यशाला, ऑटोनगर, वडलापुडी, गजुवाका, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश’ के पते पर आयोजित किए जाएंगे.

बता दें कि इन पदों के लिए कैंडिडेट्स का रजिस्ट्रेशन केवल वॉक-इन-इंटरव्यू के दिन ही निर्धारित पते पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा. ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल प्रति के साथ उनकी फोटो कॉपी को जाने की सलाह दी जाती है.

इंटरव्यू में उपस्थित होने वाले कैंडिडेट्स के पास किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय/संस्थान से संबंधित पद अनुसार 10वीं उत्तीर्ण, ग्रेजुएशन, आईटीआई प्रमाणपत्र, इंजीनियरिंग में पूर्णकालिक डिग्री/डिप्लोमा आदि होना चाहिए. इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है.

आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट अनुसार, 50 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 मई के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेटेस को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले कोंकण रेलवे के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं. होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने साथ केंद्र पर ले जाएं.

डीके/एबीएम

Leave a Comment