अनाधिकारिक टेस्ट: साईं सुदर्शन ने जड़े 168 रन, तीसरे दिन भारत के पास शानदार लीड

गाले, 4 जुलाई . श्रीलंका-ए के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी दूसरे अनाधिकारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में भारत-ए ने शानदार बढ़त हासिल कर ली है. तीसरे दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम ने 8 विकेट गंवाकर 541 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम के पास 175 रन की शानदार बढ़त है.

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने पहली पारी में 366 रन बनाए. पवनथा वीरासिंघे और सोहन डी लिवेरा ने बतौर ओपनर 53 रन की साझेदारी की. सोहन 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वीरासिंघे ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.

इस टीम ने 86 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद एशेन बंडारा (34) ने नुवानिदु फर्नांडो (44) के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़कर टीम को संभाला. कप्तान सहान अराच्चिगे ने अंजला बंडारा के साथ पांचवें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की. अराच्चिगे 15 बाउंड्री के साथ 127 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अंजला बंडारा ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.

भारतीय खेमे से गुरनूर बरार और सारांश जैन ने 4-4 विकेट हासिल किए, जबकि यश ठाकुर ने 2 विकेट निकाले.

इसके जवाब में साईं सुदर्शन और अमन मोखाड़े की सलामी जोड़ी ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की. अमन 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सुदर्शन ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 182 रन जोड़े.

पड्डिकल 11 चौकों के साथ 94 रन बनाकर पवेलियन लौटे. हालांकि, सुदर्शन ने दूसरा छोर संभाले रखा. उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ (13 रन पर रिटायर्ड हर्ट) के साथ 42 रन और कप्तान ध्रुव जुरेल (53) के साथ 78 रन की साझेदारी करते हुए भारतीय टीम को बढ़त दिलाई.

सुदर्शन 22 चौकों के साथ 168 रन बनाकर पवेलियन लौटे. ध्रुव जुरेल ने 6 चौकों के साथ 53 रन बनाए, जबकि शेख रशीद ने 45 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, सारांश जैन ने 4 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाए. मेजबान टीम की तरफ से केशरा नुवानथा 4 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि दिलुम सुदीरा ने 3 विकेट निकाले हैं. अराच्चिगे ने एक विकेट अपने नाम किया है.

आरएसजी

Leave a Comment