
Mumbai , 28 अप्रैल . Bollywood एक्ट्रेस रानी मुखर्जी ने यूं तो पर्दे पर कई रोल निभाए, लेकिन उनका शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार लोगों का हमेशा से पसंदीदा रहा, जिसे उन्होंने ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी में निभाया है. हाल ही में रिलीज हुई ‘मर्दानी 3’ को जिस तरह से थिएटर और ओटीटी दोनों जगह दर्शकों का प्यार मिला है, उससे रानी मुखर्जी काफी खुश हैं.
रानी मुखर्जी ने कहा, “मर्दानी 3 का सफर मेरे लिए काफी इमोशनल है. पहले यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और वहां इसने शानदार प्रदर्शन किया. एक महिला लीड एक्शन फिल्म होने के बावजूद इसने कई बड़े माइलस्टोन पार किए, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है. इसके बाद जब यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई, तो वहां भी इसे दुनिया भर के दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और यह लगातार टॉप फिल्मों में ट्रेंड करती रही.”
उन्होंने आगे कहा, ”किसी फिल्म का थिएटर में सफल होना एक बात है, लेकिन जब वही फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी लंबे समय तक ट्रेंड करती रहती है, तो यह इस बात का सबूत होता है कि कहानी लोगों के दिलों में गहराई से उतर चुकी है. यह सफलता मेरे लिए बेहद गर्व भरे पल लेकर आई है. दर्शक अब कंटेंट को सिर्फ स्टार पावर से नहीं, बल्कि उसकी कहानी और संदेश से भी जोड़कर देखते हैं.”
रानी मुखर्जी ने कहा, ”इस फिल्म की सफलता एक बड़े बदलाव का संकेत है. अब दर्शक सिर्फ पारंपरिक कहानियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे ऐसी कहानियां भी देखना चाहते हैं जिनमें मजबूत महिला किरदार हों और जो समाज से जुड़े मुद्दों को उठाती हों.”
उन्होंने कहा, ”आज के समय में दर्शक ऐसी फिल्मों को स्वीकार कर रहे हैं जो सोचने पर मजबूर करती हैं. अगर किसी कहानी में ईमानदारी, भावना और मजबूत नैतिक संदेश होता है, तो वह कहानी किसी भी सीमा को पार कर सकती है और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंच सकती है.”
रानी मुखर्जी ने कहा, “मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी को लोग अब दोबारा देख रहे हैं और उससे जुड़ रहे हैं. यह मेरे लिए बहुत खास बात है क्योंकि इसका मतलब है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक लगातार चलने वाला संदेश बन गई है, जो समय के साथ और भी मजबूत होता जा रहा है.”
उन्होंने अपने किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के बारे में कहा, ”यह अब सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं रहा. यह किरदार अब लोगों के बीच अपनी जगह बना चुका है. शिवानी शिवाजी रॉय लोगों के दिलों की आवाज बन चुकी है. India ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के दर्शक इस किरदार से जुड़ाव महसूस करते हैं. इसी वजह से इस फ्रेंचाइजी को लगातार इतना प्यार मिल रहा है और इसका प्रभाव बढ़ता जा रहा है.”
‘मर्दानी 3’ फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है और इसे यशराज फिल्म्स के आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया है.
–
पीके/पीएम