
Mumbai , 21 अप्रैल . Bollywood के मशहूर फिल्ममेकर विक्रम भट्ट की अपकमिंग फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी’ को लेकर काफी चर्चाएं हैं. इस फिल्म की रिलीज डेट तीन बार टाली जा चुकी है और अब नई तारीख सामने आई है.
दरअसल, मेकर्स ने रिलीज डेट का ऐलान करते हुए एक डरावना मोशन पोस्टर जारी किया और लिखा, ”एक ऐसा डर जिसके लिए आप कभी तैयार नहीं होंगे. डर की एक नई तारीख है, Friday, 12 जून 2026.”
फिल्म को लेकर विक्रम भट्ट ने निजी अनुभव भी साझा किए. उन्होंने कहा, ”इस फिल्म का सफर मेरे लिए आसान नहीं रहा. इस दौरान मैंने अपनी मां को खोया और कुछ समय के लिए जेल भी जाना पड़ा. यह समय मेरे जीवन का बहुत मुश्किल दौर था, जिसने मुझे अंदर तक झकझोर दिया.”
विक्रम भट्ट ने इस मुश्किल समय में अपने साथ खड़े रहने वाले प्रोड्यूसर आनंद पंडित का खास तौर पर धन्यवाद किया. उन्होंने कहा, ”जब हालात खराब थे, तब आनंद पंडित ने मेरा साथ नहीं छोड़ा. यहां तक कि मैंने खुद कहा कि फिल्म मेरे बिना रिलीज कर दी जाए, तब भी उन्होंने मना कर दिया और मेरा इंतजार किया. यही भरोसा आज इस फिल्म की दोबारा रिलीज की वजह बना है.”
प्रोड्यूसर आनंद पंडित ने भी फिल्म को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, ”मेरा और विक्रम भट्ट का रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे बीच गहरी दोस्ती है. मैं फिल्म तभी रिलीज करना चाहता था, जब विक्रम भट्ट पूरी तरह तैयार होकर इसे अंतिम रूप दे सकें. चाहे इसमें कितना भी समय क्यों न लगे, लेकिन फिल्म की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा. अब फिल्म पूरी तरह तैयार है, तो दर्शकों के सामने लाने का सही समय आ गया है.”
विक्रम भट्ट और आनंद पंडित 18 साल बाद एक साथ हॉरर फिल्म लेकर आ रहे हैं. इससे पहले दोनों 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘1920’ पर्दे पर लेकर आए थे. फिल्म के इस नए वर्जन में 3डी अनुभव को नई तकनीक के साथ और बेहतर बनाया गया है.
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें मिमोह चक्रवर्ती, चेतना पांडे, श्रुति प्रकाश, गौरव बाजपेयी, प्रणीत भट्ट और हेमंत पांडे जैसे कलाकार हैं. इन सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों के जरिए फिल्म को और भी दिलचस्प बनाया है.
‘हॉन्टेड 3डी’ का शुरुआत में नाम ‘हॉन्टेड 3डी: घोस्ट्स ऑफ द पास्ट’ रखा गया था, लेकिन अब नए मोशन पोस्टर में मेकर्स ने इसे ‘हॉन्टेड 3डी: ईकोज ऑफ द पास्ट’ नाम दिया है.
‘हॉन्टेड 3डी’ 12 जून 2026 को रिलीज होगी.
–
पीके/एबीएम