
गोपालगंज, 8 मार्च . बिहार के गोपालगंज जिले में Police ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. भोरे थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में छापेमारी कर Police और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लाखों रुपये कीमत की अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया. इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
Police को गुप्त सूचना मिली थी कि रघुनाथपुर गांव में कुछ लोग गुपचुप तरीके से अफीम की खेती कर रहे हैं. सूचना के आधार पर गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ एसडीएम अभिषेक कुमार चंदन और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई. टीम में Police, प्रशासन और संबंधित अधिकारी शामिल थे. टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की.
जांच में पता चला कि करीब चार धुर जमीन में अफीम के पौधे उगाए गए थे. ये पौधे पूरी तरह तैयार होने के करीब थे और बाजार में इनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है. टीम ने मौके पर ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया.
इस कार्रवाई के दौरान एक युवक, राजन कुमार, को गिरफ्तार किया गया, जिसे विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है. Police उससे पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध खेती के पीछे अन्य लोग शामिल हैं या नहीं.
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि Police इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. अफीम की खेती के मास्टरमाइंड और अन्य संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश जारी है. उन्होंने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोग Police की इस सख्त कार्रवाई से खुश हैं, क्योंकि इससे नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली है. गोपालगंज Police ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी.
–
एमएस/