
नोएडा, 22 अप्रैल . नोएडा के सेक्टर-18 स्थित एक व्यावसायिक इमारत के बेसमेंट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह आग एक सैलून की दुकान के बेसमेंट में लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए. फायर टीम द्वारा तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है.
आग बेसमेंट में लगी होने के कारण धुआं तेजी से भर गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कुछ दिक्कतें भी सामने आईं. गनीमत रही कि इस घटना में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है. मौके पर मौजूद लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, आग लगने से सैलून और आसपास के क्षेत्र में कुछ नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी. दमकल विभाग और Police टीम मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
यह घटना थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-18 की है, जो कि नोएडा का एक प्रमुख व्यावसायिक इलाका माना जाता है. यहां बड़ी संख्या में दुकानें, शोरूम और कार्यालय स्थित हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बड़ी चिंता का विषय बन जाती हैं. फिलहाल दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने का कार्य जारी है और स्थिति को नियंत्रण में लाने की पूरी कोशिश की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें.
–
पीकेटी/डीएससी