ग्रेटर नोएडा : गांव में कुआं पूजन के दौरान दो युवकों में झगड़ा, एक की गई जान, आरोपी हिरासत में

ग्रेटर नोएडा, 27 फरवरी . ग्रेटर नोएडा के तुस्याना गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. Police ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया है.

मृतक की पहचान मनोज उर्फ लालू पुत्र ओमकार निवासी ग्राम चठिया, थाना मझला, जिला हरदोई के रूप में हुई है. Police के अनुसार 26 फरवरी को थाना इकोटेक-3 क्षेत्रांतर्गत ग्राम तुस्याना में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही Police टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

प्राथमिक जांच में सामने आया कि गांव में फिरी राम के यहां कुआं पूजन कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें मनोज भी शामिल होने आया था. कार्यक्रम के दौरान भोजन करते समय मनोज और गांव निवासी जगवीर भाटी पुत्र रतीराम भाटी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई.

आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने जगवीर को अपशब्द कह दिए, जिससे नाराज होकर जगवीर वहां से अपने घर चला गया. कुछ देर बाद जगवीर गुस्से में बाका (धारदार हथियार) लेकर वापस लौटा और मनोज की तलाश करने लगा. गांव की मुख्य सड़क पर एक बुग्गी गाड़ी के पास दोनों आमने-सामने आ गए. पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका.

आरोप है कि इसी दौरान जगवीर ने बाका से मनोज के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण मनोज की मौके पर ही मौत हो गई. Police ने स्पष्ट किया है कि मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, उसे कुचला नहीं गया है. घटना की सूचना मिलते ही Police और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए.

शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. Police ने आरोपी जगवीर भाटी को हिरासत में ले लिया है तथा हत्या में इस्तेमाल खूनालूदा बाका भी बरामद कर लिया है. Police ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि Police स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

पीकेटी/एएस

Leave a Comment