
इंफाल, 21 अप्रैल . दिव्यांगता और राह में आने वाली कई चुनौतियों को दूर रख मानसिक मजबूती और दृढ़ संकल्प का उदाहरण देते हुए मणिपुर की एक बेटी ने उच्चतर माध्यमिक परीक्षा (एचएसई) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिसाल पेश की है.
मणिपुर के जिरीबाम जिले की दिव्यांग छात्रा बिनिता खुमुकचम ने मणिपुर उच्चतर माध्यमिक परीक्षा परिषद द्वारा आयोजित उच्चतर माध्यमिक परीक्षा (एचएसई) 2026 में, कॉमर्स स्ट्रीम में 67.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी हासिल की है. बिनिता ने कंप्यूटर साइंस विषय में ‘लेटर मार्क’ (विशेष योग्यता) प्राप्त किया है.
जिरीबाम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने हायर सेकेंडरी की परीक्षा अपने पैरों से लिखकर दी, जो पढ़ाई के प्रति उनकी अटूट लगन को दर्शाता है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली छात्रा के पिता एक किराने की दुकान चलाते हैं. उनकी बेटी की यह उपलब्धि उसके शैक्षणिक लक्ष्यों के प्रति ईमानदारी और समर्पण का एक जीता-जागता उदाहरण है.
Tuesday को बिनिता ने से बात करते हुए कहा कि वो आगे भी कॉमर्स के क्षेत्र में अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा रखती हैं. इसी के साथ उन्होंने भविष्य में एक सफल व्यवसाय स्थापित करने की अपनी आकांक्षा बताई.
बता दें कि मणिपुर उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीओएचएसईएम) ने 2026 की कक्षा 12वीं (एचएसई) परीक्षा का परिणाम 20 अप्रैल को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित कर दिया. इस साल 12वीं की कक्षा में 92.23 फीसदी छात्र पास हुए हैं.
मणिपुर एचएसई परीक्षा 17 फरवरी से 4 मार्च तक आयोजित की गई थी. परीक्षा में शामिल हुए 31,259 में से 28,829 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं. विज्ञान स्ट्रीम में उत्तीर्ण प्रतिशत 93.28, कला स्ट्रीम में 89.87 और वाणिज्य स्ट्रीम में 82.57 रहा.
साइंस स्ट्रीम में तकहेलम्बम कल्पना देवी और योहेन लोंगजाम ने 490 अंक प्राप्त करके पूरे राज्य में टॉप किया है. कला स्ट्रीम में सारंगथेम अयिंगबी चानू ने 470 अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य स्ट्रीम में थोइहेनबा थोंगम ने 454 अंकों के साथ पहले स्थान पर जगह बनाई है.
–
डीके/एबीएम