यूपीएससी 2025 के सफल अभ्यर्थियों को सीएम भगवंत मान ने किया सम्मानित, उज्ज्वल भविष्य की दीं शुभकामनाएं

चंडीगढ़, 15 जून . पंजाब के सीएम भगवंत मान ने Monday को एक सम्मान समारोह का आयोजन कर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2025 के सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान यूपीएससी में 312वीं रैंक हासिल करने वाली शहीद भगत सिंह नगर की कृतिका चौधरी ने कहा कि सीएम भगवंत मान द्वारा आयोजित सम्मान समारोह बेहद सराहनीय रहा.

कृतिका चौधरी ने कहा कि इससे समाज में एक मजबूत और सकारात्मक संदेश गया. इससे दूसरे लोग भी इस स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित होंगे. उन्होंने बताया कि इस वर्ष 6 मार्च को आयोग ने यूपीएससी सीएससी की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया था, जिसके बाद 7 मार्च को सीएम भगवंत मान ने हमें लुधियाना में एक समारोह का आयोजन कर सम्मानित किया था. Monday को दूसरी बार सीएम द्वारा हमें सम्मानित किया जा रहा है.

इस समारोह के आयोजन से हमें सम्मान से ज्यादा प्रोत्साहन मिलता है. इससे बाकी के अभ्यर्थियों को ऐसी ऊंचाइयों को छूने का मोटिवेशन मिलता है कि उन्हें भी जीवन में परिश्रम और लगन के बलबूते सफलता हासिल करनी है. अपनी सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे परिवार में सब बहुत खुश हैं और मुझे बहुत राहत महसूस हो रही है कि अब मुझे दोबारा परीक्षा प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा.

उन्होंने सर्विस आवंटन पर बात करते हुए कहा कि मुझे आशा है कि आयोग द्वारा मुझे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) या भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) आवंटित किया जाएगा. वहीं, कृतिका चौधरी की मां दर्शना कुमारी ने कहा कि परिवार के सभी सदस्य और रिश्तेदार बहुत खुश हैं. पहले लोग अपनी बेटियों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते थे लेकिन अब धीरे-धीरे चीजें बदल रही हैं और मुझे उम्मीद है कि लोग अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करेंगे.

उधर, सम्मान समारोह में शामिल हुई दूसरी अभ्यर्थी अनुषा जैन ने बताया कि मैं पटियाला की रहने वाली हूं. मैंने यूपीएससी में 251वीं रैंक हासिल की है. बहुत अच्छा लग रहा है, ऐसा लगता है जैसे आपकी सारी मेहनत आखिरकार रंग लाई.

अनुषा जैन ने कहा कि एक शादीशुदा महिला होने के नाते जीवन में कई चुनौतियां होती हैं. आपको पढ़ाई के साथ-साथ परिवार का भी ध्यान रखना पड़ता है लेकिन अगर आपके सपने बड़े हैं, तो उन्हें पूरा करने का रास्ता जरूर मिल जाता है. वहीं, अनुषा जैन के पति गौरव गर्ग ने कहा कि पूरे परिवार में सब बहुत खुश हैं. मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अपनी बेटियों, बहनों और पत्नी को उनके सपने पूरे करने में सहयोग करें.

यूपीएससी 2025 में 38वीं रैंक हासिल करने वाले पटियाला के दीपांशु जिंदल ने कहा कि घर पर माहौल बहुत अच्छा है. इस समय मुझे अपने माता-पिता की बहुत याद आ रही है क्योंकि मैंने उन दोनों को खो दिया है. मुझे उम्मीद है कि उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहेगा. मेरी पहली पसंद आईएएस थी लेकिन मुझे लगता है कि जो रैंक मुझे मिली है, उससे मुझे अपना पसंदीदा विभाग मिल जाएगा. वहीं, दीपांशु जिंदल के चचेरे भाई ने कहा कि उन्होंने इस लक्ष्य को पाने के लिए सच में बहुत मेहनत की. कैंसर की वजह से उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया था. दीपांशु तैयारी के दौरान मेरे साथ रहे और बहुत अधिक मेहनत की.

डीके/पीएम

Leave a Comment