
बीजिंग, 14 मई . चीनी उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, चीन के डिजिटल उद्योग ने पहली तिमाही में अच्छी शुरुआत की, जिसमें उद्योग के मुनाफे में उल्लेखनीय सुधार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के एकीकरण और अनुप्रयोग में तेजी आई.
आंकड़ों से पता चलता है कि पहली तिमाही में, डिजिटल उद्योग ने 95 खरब युआन का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.9 प्रतिशत अधिक है. इलेक्ट्रॉनिक सूचना विनिर्माण उद्योग में मजबूत लाभ वृद्धि के कारण, डिजिटल उद्योग ने कुल 737.8 अरब युआन का लाभ अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.6 प्रतिशत अधिक है, और विकास दर पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 16.6 प्रतिशत अंक अधिक है.
पहली तिमाही में, इंटरनेट व्यवसायों ने तीव्र वृद्धि दर्ज की. सालाना आय 2 करोड़ युआन से अधिक वाले इंटरनेट और संबंधित सेवा उद्यमों ने 502.7 अरब युआन का कारोबार राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है.
विकास दर में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 9.2 प्रतिशत अंक की वृद्धि है. कंप्यूटिंग अवसंरचना के बंदोबस्त में तेजी आई है. मार्च के अंत तक, चीन में कंप्यूटिंग केंद्रों में 144.5 लाख मानक रैक उपयोग में थे, और कंप्यूटिंग हब के आसपास 70 से अधिक बड़े कंप्यूटिंग चैनल स्थापित किए गए हैं.
पहली तिमाही में, डिजिटल उद्योग राजस्व के मामले में क्वांगतोंग, च्यांगसू, पेइचिंग, शांगहाई और चच्यांग समेत शीर्ष 10 प्रांतों ने राष्ट्रीय डिजिटल उद्योग राजस्व वृद्धि में 89.1 प्रतिशत का योगदान दिया.
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–
एबीएम/