‘द मेहता बॉयज’ के एक साल पूरे, बोमन ईरानी बोले- मेरे लिए बेहद खास है यह फिल्म

Mumbai , 7 फरवरी . बोमन ईरानी की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘द मेहता बॉयज’ को रिलीज हुए एक साल पूरा हो चुका है. साल 2025 में अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई अपनी फिल्म को लेकर बोमन ईरानी ने कहा कि यह फिल्म आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है और यह उनके लिए खास उपलब्धि है.

बोमन ईरानी ने बताया कि उनके निर्देशन में बनी पहली फिल्म को इतना प्यार मिलना वास्तव में बड़ी उपलब्धि है. एक साल बाद भी फिल्म को लोग देख रहे हैं, दोबारा देख रहे हैं और इसकी चर्चा कर रहे हैं. बोमन ईरानी ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की.

उन्होंने बताया, “मेरे लिए सबसे बड़ी बात यह है कि फिल्म रिलीज होने के बाद रुकी नहीं. ज्यादातर फिल्में कुछ दिनों या हफ्तों में भुला दी जाती हैं, लेकिन ‘द मेहता बॉयज’ लोगों के दिलों में बसी हुई है. यह जुड़ाव मुझे बहुत संतुष्टि देता है.”

फिल्म की कहानी परिवार के रिश्तों पर आधारित है. इसमें माता-पिता और बच्चों के बीच का प्यार, भाई-बहनों के रिश्ते और परिवार में आने वाली मुश्किलों और भावनाओं के उथल-पुथल को दिखाया गया है. मेकर्स का मानना है कि यह कहानी आम लोगों की जिंदगी से बहुत मिलती-जुलती है.

बोमन ईरानी बताते हैं, “जब लोग मुझसे मिलते हैं या मैसेज करते हैं और कहते हैं कि उन्होंने फिल्म में जाना-पहचाना माहौल देखा, अपने परिवार को देखा, तो यह मेरे लिए किसी भी सफलता से ज्यादा कीमती है. ये पल मेरे साथ हमेशा रहते हैं. इसीलिए यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास भी है.”

उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म को लोग आज भी पसंद कर रहे हैं, ये रिश्ते हम सबके जीवन में होते हैं. जब दर्शक अपनी कहानी फिल्म में पाते हैं, तो वह उनके साथ लंबे समय तक जुड़ी रहती है.

बोमन ईरानी के निर्देशन में बनी ‘द मेहता बॉयज’ को मूवीटोन और चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट ने मिलकर बनाया है. फिल्म की स्क्रिप्ट को बोमन ईरानी और अलेक्जेंडर डिनेलारिस ने लिखा है. फिल्म में अविनाश तिवारी और श्रेया चौधरी के साथ अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.

एमटी/एबीएम

Leave a Comment