अमेरिका ने सुरक्षा कारणों से रद्द किए रिकॉर्ड 1 लाख वीजा

वाशिंगटन, 13 जनवरी . ट्रंप प्रशासन ने एक साल से भी कम समय में एक लाख से ज्यादा विदेशी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं. अमेरिका के विदेश विभाग के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा कदम है, जो सीमा सुरक्षा और जनता की सुरक्षा को मजबूत करने के अभियान के तहत उठाया गया है.

अमेरिकी विदेश विभाग के मुख्य उप प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा, “ट्रंप प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा करना और अमेरिकी संप्रभुता को बनाए रखना है.”

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पिछले वर्षों की तुलना में कहीं ज्यादा सख्त है. उन्होंने कहा, “एक साल से भी कम समय में, विदेश विभाग ने विदेशी नागरिकों के 100,000 से ज़्यादा वीजा रद्द कर दिए, जो एक नया रिकॉर्ड है और 2024 के बाद से रद्द किए जाने में 150 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी है.”

विदेश विभाग के बयान में कहा गया है कि जिन विदेशी नागरिकों के वीजा रद्द किए गए, उन पर कई तरह के अपराधों का आरोप था या उन्हें दोषी ठहराया जा चुका था. इनमें मारपीट, चोरी और नशे में गाड़ी चलाने जैसे मामले शामिल हैं.

प्रशासन का कहना है कि वीज़ा रद्द होने के मामलों में बढ़ोतरी की वजह जांच और निगरानी की नई और सख्त व्यवस्था है, जिसे President डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में शुरू किया गया.

पिगोट ने कहा, “विदेश विभाग का हाल ही में लॉन्च किया गया कंटीन्यूअस वेटिंग सेंटर यह सुनिश्चित करता है कि अमेरिकी धरती पर सभी विदेशी नागरिक हमारे कानूनों का पालन करें – और जो लोग अमेरिकी नागरिकों के लिए खतरा पैदा करते हैं, उनके वीज़ा तुरंत रद्द कर दिए जाएं.”

अधिकारियों के अनुसार, पहले जांच केवल वीज़ा आवेदन या अमेरिका में प्रवेश के समय होती थी, लेकिन अब इस नई व्यवस्था से बाद में भी निगरानी रखी जाती है. इससे किसी अपराध में नाम आने पर तुरंत कार्रवाई संभव हो पाती है.

टॉमी पिगॉट ने कहा कि यह नीति देश की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की व्यापक सोच को दिखाती है. उन्होंने कहा, “ट्रंप प्रशासन अमेरिका को पहले रखेगा और हमारे देश को उन विदेशी नागरिकों से बचाएगा जो सार्वजनिक सुरक्षा या राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं.”

हालांकि बयान में यह नहीं बताया गया कि सबसे ज्यादा वीजा किन देशों के लोगों के रद्द किए गए या इनमें कितने पर्यटक, छात्र या लंबे समय से रहने वाले लोग शामिल थे.

यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब वीजा नीति ट्रंप प्रशासन की घरेलू और विदेश नीति का एक अहम मुद्दा बन चुकी है. अमेरिकी कानून के तहत Government को यह अधिकार है कि अगर किसी विदेशी नागरिक को अयोग्य माना जाए या उससे सुरक्षा संबंधी खतरा हो, तो उसका वीजा रद्द किया जा सकता है.

एएस/

Leave a Comment