
New Delhi, 28 मार्च . आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स Bengaluru (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाना है. अंबाती रायडू ने उन चार टीमों के नाम बताए हैं, जो इस सीजन सेमीफाइनल तक पहुंच सकती हैं.
रायडू ने ‘ईएसपीएन क्रिकइंफो’ के साथ बात करते हुए कहा कि उनके हिसाब से आईपीएल 2026 के सेमीफाइनल का टिकट आरसीबी, Mumbai इंडियंस, Lucknow सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स कटा सकती हैं. उल्लेखनीय है कि आरसीबी ने पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करते हुए आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था. रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम इस सीजन अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी.
वहीं, Mumbai इंडियंस ने आईपीएल 2025 में दूसरे क्वालिफायर तक का सफर तय किया था. हार्दिक पांड्या की अगुवाई में Mumbai इस सीजन काफी दमदार नजर आ रही है. टीम के पास बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, और खुद कप्तान हार्दिक के रूप में धाकड़ बल्लेबाज मौजूद हैं. इसके साथ ही ऑक्शन में टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड को खरीदा है, जिसके बाद टीम का बल्लेबाजी क्रम और भी ज्यादा मजबूत दिखाई दे रहा है. Mumbai का गेंदबाजी अटैक भी काफी संतुलित दिख रहा है.
ऋषभ पंत की कप्तानी में Lucknow सुपर जायंट्स के पास भी स्टार खिलाड़ियों की भरमार है. मिचेल मार्श और एडेन मार्करम की जोड़ी ने पिछले सीजन भी दमदार प्रदर्शन किया था. वहीं, निकोलस पूरन अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं. वहीं, इस बार Lucknow के गेंदबाजी अटैक में भी धार नजर आ रही है.
कोलकाता नाइट राइडर्स का बल्लेबाजी क्रम आईपीएल 2026 में जबरदस्त दिखाई दे रहा है. टिम सीफर्ट, फिन एलन का प्रदर्शन हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में कमाल का रहा था. एलन ने महज 33 गेंदों में शतक लगाया था. इसके साथ ही केकेआर ने कैमरून ग्रीन पर भी बड़ा दांव खेला है. ग्रीन बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं. हालांकि, हर्षित राणा और आकाश दीप के बाहर होने के बाद केकेआर का गेंदबाजी अटैक थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है.
–
एसएम/पीएम