
नोएडा, 2 मार्च . नोएडा के थाना फेस-2 Police ने एटीएम कार्ड बदलकर आमजन से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. Police ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के कुल 12 एटीएम कार्ड, एक अवैध चाकू तथा वैगनार कार बरामद की है. गिरफ्तारी 2 मार्च 2026 को इलाहाबास चौराहे के पास से की गई. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमीरुद्दीन पुत्र इमामुद्दीन, निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है.
Police के अनुसार आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था. पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले ऐसे एटीएम बूथों की रेकी करता था जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होते थे. खासतौर पर वह उन एटीएम मशीनों को निशाना बनाता था, जहां आसपास की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी आने के बाद भीड़ रहती थी.
आरोपी एटीएम मशीन खराब होने का बहाना बनाकर लोगों से मदद के नाम पर उनका कार्ड ले लेता था और चालाकी से उनका असली एटीएम कार्ड बदलकर नकली कार्ड थमा देता था. इस दौरान वह किसी न किसी बहाने से पीड़ित का पिन कोड भी जान लेता था. इसके बाद आरोपी दूसरे एटीएम बूथ पर जाकर बदले गए असली कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर खाते में जमा पूरी रकम निकाल लेता था.
Police ने बताया कि पकड़े जाने या शक होने की स्थिति में लोगों को डराने-धमकाने के लिए आरोपी अपने पास अवैध चाकू रखता था.
Police रिकॉर्ड के अनुसार अमीरुद्दीन के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं. वर्ष 2022 में थाना सलेमपुर, बुलंदशहर में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले दर्ज हुए थे. वर्ष 2023 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है. वर्ष 2026 में थाना फेस-2 गौतमबुद्धनगर में भी बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है.
Police आरोपी के साथी की तलाश में जुटी है और बरामद एटीएम कार्ड के आधार पर अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है. थाना फेस-2 Police ने आमजन से अपील की है कि एटीएम बूथ पर किसी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन कोड किसी के साथ साझा न करें.
–
पीकेटी/एमएस