
New Delhi, 28 जून . कलिंगा स्टेडियम में आयोजित हो रही 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन शानदार रहा. सर्वेश अनिल कुशारे ने हाई जंप में नया नेशनल रिकॉर्ड कायम किया. सर्वेश को इस खास उपलब्धि के लिए केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बधाई दी है.
सर्वेश ने 2.31 मीटर की छलांग के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया. इस प्रदर्शन के साथ ही सर्वेश ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भी क्वालिफाई किया. खेल मंत्री ने अपने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी छलांग. सर्वेश अनिल कुशारे को पुरुषों की हाई जंप में 2.31 मीटर का नया नेशनल रिकॉर्ड बनाने और 2026 एशियन गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन पक्का करने पर बधाई.”
सर्वेश अनिल ने तेजस्विन शंकर के रिकॉर्ड को तोड़ा. तेजस्विन ने साल 2018 में 2.29 मीटर की छलांग लगाते हुए नेशनल रिकॉर्ड बनाया था. सर्वेश ने बार की ऊंचाई को 2.35 मीटर करके छलांग लगाने की भी कोशिश की, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सके. सर्वेश ने अपने तीसरे प्रयास में नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ा.
सर्वेश के अलावा, केरल की एंसी सोजन ने लॉन्ग जंप में दो दशक से भी ज्यादा पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा. सोजन ने पांचवें प्रयास में 6.88 मीटर की दूरी तय करते हुए अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज किया. सोजन ने एथेंस में साल 2004 में अंजू बॉबी जॉर्ज द्वारा बनाए गए 6.83 मीटर के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया. सोजन ने अपने पहले प्रयास में 6.73 मीटर की जंप लगाई, जबकि उनकी दूसरी जंप फाउल रही.
तीसरे प्रयास में सोजन ने 6.67 मीटर की जंप, जबकि चौथे प्रयास में उन्होंने 6.72 मीटर की जंप लगाई. पांचवें प्रयास में 6.88 मीटर की जंप लगाने के साथ सोजन ने यह खास उपलब्धि हासिल की. छठे प्रयास में सोजन ने 6.69 मीटर की जंप लगाई. वहीं, उत्तर प्रदेश के यूनुस शाह ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में बहादुर प्रसाद का मीट रिकॉर्ड (3:40.10) तोड़ा. उन्होंने यह दौड़ 3:37.55 सेकंड में पूरी की.
–
एसएम/एएस