Skip to content
Sunday, 15 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राजनीति,राष्ट्रीय

70 साल का इंतजार खत्म: नूरपुर के सौहड़ा फरुदी गांव तक पहुंचेगी पक्की सड़क

70 साल का इंतजार खत्म: नूरपुर के सौहड़ा फरुदी गांव तक पहुंचेगी पक्की सड़क

नूरपुर, 15 नवंबर . विधानसभा क्षेत्र नूरपुर की पंचायत लोहारपुरा के गांव सौहड़ा फरुदी के लोगों का करीब 60-70 साल पुराना सड़क का सपना अब साकार होने जा रहा है. दशकों से पक्की सड़क की राह देख रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिलने की उम्मीद जगी है. गांव में करीब 60 से 70 परिवार रहते हैं और यह सड़क न केवल उनकी आवाजाही का मुख्य मार्ग है, बल्कि गांव के श्मशानघाट तक पहुंचने का रास्ता भी है. लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क को पक्का करवाने की मांग उठा रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलते रहे.

इस सड़क निर्माण कार्य को शुरू करवाने में नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने अहम भूमिका निभाई है. खास बात यह है कि प्रदेश में उनकी Government न होने के बावजूद उन्होंने ग्रामीणों से किए अपने वादे को निभाने के लिए अपनी विधायक निधि और निजी फंड से सड़क को पक्का करवाने का कार्य शुरू करवाया है. करीब दो से ढाई किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से गांव में खुशी का माहौल है. ग्रामीण विधायक रणवीर सिंह निक्का का आभार जताते हुए उनके प्रयासों की सराहना कर रहे हैं. वहीं, विधायक ने भी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया.

स्थानीय निवासी अरुण शर्मा ने कहा कि यह सड़क करीब 70 साल पुरानी है. इतने वर्षों में कई लोग और जनप्रतिनिधि यहां आए, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर चले गए. उन्होंने कहा कि यह रास्ता गांव के श्मशानघाट तक जाता है और यहां एससी-एसटी समुदाय की बस्ती भी है. सड़क की हालत इतनी खराब थी कि लोगों के लिए पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता था.

उन्होंने कहा कि गांव के सभी लोग विधायक रणवीर सिंह निक्का के आभारी हैं, क्योंकि उन्होंने जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है. अरुण शर्मा ने कहा कि विधायक रणवीर सिंह निक्का पहले ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समाधान करवाने की पहल की है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण भविष्य में भी उनके साथ खड़े रहेंगे.

स्थानीय निवासी मिलाप चंद ने कहा कि उनकी उम्र 58 वर्ष हो चुकी है और उन्होंने अपने जीवन में कई विधायकों तथा प्रधानों को इस सड़क के निर्माण का आश्वासन देते देखा, लेकिन किसी ने भी इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया. उन्होंने कहा कि विधायक रणवीर सिंह निक्का ऐसे पहले जनप्रतिनिधि हैं जिन्होंने लोगों से किया वादा निभाने की पहल की है.

उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक भविष्य में भी इसी तरह जनहित के कार्य करते रहेंगे. साथ ही उन्होंने समस्त गांववासियों से अपील की कि ऐसे जनप्रतिनिधि का सहयोग करना चाहिए जो जनता से किए वादों को पूरा करने के लिए प्रयासरत रहता है.

पंचायत के उपप्रधान बलविंदर सिंह जौनू ने बताया कि यह सड़क करीब 60-70 साल पहले निकाली गई थी और इसके साथ लगभग 60 से 70 परिवार जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान कई विधायक और पंचायत प्रतिनिधि आए, लेकिन किसी ने भी सड़क की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया. सड़क पर कंक्रीट डाली गई थी, लेकिन उसकी हालत इतनी खराब थी कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती थी.

उन्होंने बताया कि पहले केवल 172 मीटर सड़क का निर्माण हुआ था, जिसके बाद ग्रामीणों को आशंका थी कि आगे सड़क का निर्माण नहीं हो पाएगा. पंचायत स्तर पर भी कई बार अड़चनें आती रहीं, जिस कारण यह काम आगे नहीं बढ़ सका. अब विधायक रणवीर सिंह निक्का के प्रयासों से करीब ढाई किलोमीटर सड़क को पक्का करवाने का कार्य शुरू हुआ है. उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से वर्षों से परेशान ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी.

विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि पंचायत लोहारपुरा के गांव सौहड़ा फरुदी के लोगों का सदियों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है. यह सड़क गांव के साथ-साथ श्मशानघाट तक जाने का महत्वपूर्ण मार्ग भी है. उन्होंने कहा कि जब वह अपने डोर-टू-डोर अभियान के दौरान गांव पहुंचे थे, तब ग्रामीणों ने उनके सामने सड़क को पक्का करवाने की मांग रखी थी.

उस समय लोगों ने उनसे कहा था कि यह सड़क 50-60 वर्षों से पक्की नहीं हो पाई है, ऐसे में वह इसे कैसे बनवा पाएंगे. इस पर उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि काम करवाने के लिए केवल सत्ता में होना ही जरूरी नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और जज्बा भी होना चाहिए.

निक्का ने कहा कि आज वह ग्रामीणों से किया अपना वादा पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं. अपनी विधायक निधि और निजी फंड से सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है, जिससे गांव के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार गांव पहुंचे थे तो कई घर कच्चे थे, जबकि अब गांव में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है.

विधायक ने बताया कि गांववासियों ने उनके समक्ष एक और मांग रखी है, जिसे पूरा करवाने के लिए भी वह हरसंभव प्रयास करेंगे.

कुल मिलाकर, सौहड़ा फरुदी गांव में सड़क निर्माण की शुरुआत ग्रामीणों के लिए महज एक विकास कार्य नहीं, बल्कि दशकों से देखे जा रहे सपने के पूरा होने की उम्मीद है. अब ग्रामीणों को आशा है कि सड़क का निर्माण जल्द पूरा होगा और आने वाली पीढ़ियों को इस परेशानी से निजात मिलेगी.

–

एमएस/

Share