19 की उम्र में शादी करने वाले थे बॉस्को मार्टिस, विवेक ओबेरॉय ने खोला सालों पुराना राज

Mumbai , 30 सितंबर . Actor विवेक ओबेरॉय और कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस की दोस्ती काफी पुरानी है. दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की है और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने से काफी पहले से एक-दूसरे को जानते हैं. हाल ही में दोनों ने बॉस्को के पॉडकास्ट ‘डांस एंड मस्ती’ में अपने पुराने दिनों को याद किया और कई दिलचस्प किस्से शेयर किए.

इसी दौरान विवेक ने खुलासा किया कि बॉस्को मार्टिस महज 19 साल की उम्र में शादी करने का मन बना चुके थे लेकिन उन्होंने अपने दोस्त को ऐसा करने से रोक दिया था.

विवेक ने कहा, ”कम उम्र में बॉस्को एक लड़की से शादी करने को लेकर काफी सीरियस थे. उस समय वह कानूनी तौर पर शादी की उम्र तक नहीं पहुंचे थे, इसलिए उन्होंने इस शादी को लेकर एक अलग ही प्लान बना लिया था. वह चाहते थे कि कोई उम्रदराज व्यक्ति शादी के रजिस्ट्रेशन के कागजात पर साइन कर दे. इसके बाद वह लड़की से शादी कर लेते और 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद दोबारा शादी को आधिकारिक तौर पर करने का प्लान था.”

विवेक ने कहा, ”मुझे जब बॉस्को के इस प्लान के बारे में पता चला तो मैंने बीच में आकर उसे ऐसा कदम उठाने से रोका. उस उम्र में जिंदगी को लेकर सोच काफी अलग थी.”

इस बातचीत के दौरान विवेक ने बॉस्को के करियर के शुरुआती संघर्षों को भी याद किया. उन्होंने कहा, ”इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए बॉस्को ने काफी मेहनत की और उस दौर में उनके पीछे कोई बड़ा सपोर्ट सिस्टम नहीं था. मैंने उनका सफर करीब से देखा है और इसी वजह से हमारी दोस्ती इतनी खास है.”

पॉडकास्ट में बॉस्को मार्टिस ने भी विवेक के करियर के शुरुआती दौर का एक किस्सा सुनाया. उन्होंने कहा, ”जब विवेक की फिल्म ‘कंपनी’ रिलीज हुई और इसके कुछ समय बाद ‘साथिया’ आई, तब उनको काफी पहचान मिल चुकी थी. इसी दौरान मैंने लंबे समय बाद विवेक को फोन किया और उनके साथ एक गाने पर काम करने की इच्छा जताई. मैंने विवेक से कहा कि मैं उनके साथ एक गाना करना चाहता हूं. विवेक ने तुरंत हामी भर दी.”

उन्होंने कहा, ”फोन पर विवेक ने मुझसे कहा कि गाने के क्रिएटिव आइडिया पर काम करके मुझे पूरा ब्रेकडाउन दो. उस समय विवेक के बात करने के तरीके से मुझे बुरा लगा था. मुझे लगा कि विवेक कुछ ज्यादा ही एटीट्यूड के साथ बात कर रहे हैं. समय बीतने के बाद मुझे समझ आया कि विवेक की बात में दम था. मैं एक ऐसे स्टार के पास जा रहा था, जिसने अपनी जगह बनाने के लिए काफी मेहनत की थी. ऐसे में बतौर कोरियोग्राफर मुझे पहले से तैयारी करनी चाहिए थी कि मैं उस स्टार को गाने में किस तरह पेश कर सकता हूं.”

–

पीके/पीएम

Leave a Comment