17 साल की उम्र में जैकी श्रॉफ के साथ काम करने से डर गई थीं करिश्मा कपूर, बोलीं- बहुत नर्वस थी

Mumbai , 25 सितंबर . एक्ट्रेस करिश्मा कपूर ने अपने शुरुआती फिल्मी दिनों को याद करते हुए मशहूर एक्टर जैकी श्रॉफ के साथ काम करने का अनुभव शेयर किया. करिश्मा ने बताया कि उन्होंने जैकी श्रॉफ के साथ 1992 में आई फिल्म ‘Police ऑफिसर’ में काम किया था. यह उनके करियर की शुरुआती फिल्मों में से एक थी और उस वक्त वह सिर्फ 17 साल की थीं. फिल्म में एक बड़ा डांस नंबर था, जिसको लेकर वह काफी नर्वस भी थीं.

दरअसल, ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ सीजन 5 में जैकी श्रॉफ बतौर गेस्ट शामिल हुए. इस दौरान शो की जज करिश्मा ने उनके साथ काम के अनुभव को याद करते हुए कहा, ”मुझे नहीं पता जग्गू दादा, आपको याद है या नहीं, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि मैंने आपके साथ एक फिल्म की थी, जिसका नाम ‘Police ऑफिसर’ था. यह मेरी शुरुआती फिल्मों में से एक थी. बहुत पहले की बात है, तब मैं सिर्फ 17 साल की थी. यह ‘प्रेम कैदी’ के बाद की बात है.”

करिश्मा ने आगे उस फिल्म के एक गाने का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ”उसमें एक गाना था ‘देखो ये लड़की करंट मारती है’ . . . यह बहुत बड़ा गाना था, जिसमें काफी सारे डांसर्स थे. मुझे लगता है कि यह पहली बार था जब मैंने इतने सारे डांसर्स और किसी बड़े स्टार के साथ काम किया था. इसलिए मैं काफी डरी हुई और नर्वस भी थी.”

करिश्मा ने आगे कहा, ”जैकी श्रॉफ के साथ काम करने को मेरे लिए सम्मान और खुशी की बात बताया. आपके साथ काम करना मेरे लिए हमेशा खास रहेगा.”

वहीं जैकी श्रॉफ ने भी करिश्मा कपूर की जमकर तारीफ की. उन्होंने करिश्मा को शानदार एक्ट्रेस बताते हुए कहा कि वह एक मल्टीटैलेंटेड कलाकार हैं और कुछ भी कर सकती हैं.

जैकी श्रॉफ ने कहा, ”एक शानदार और प्यारी महिला के साथ काम करना मेरे लिए सम्मान और खुशी की बात है. वह मल्टीटैलेंटेड हैं और कुछ भी कर सकती हैं. वह ऐसे परिवार से आती हैं, जो हमारी इंडस्ट्री का एक मजबूत हिस्सा रहा है. मुझे आपके परिवार और आप पर बहुत गर्व है. मुझे प्यार देने और पसंद करने के लिए शुक्रिया.”

करिश्मा कपूर और जैकी श्रॉफ ने 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘Police ऑफिसर’ में साथ काम किया था. फिल्म का डायरेक्शन अशोक गायकवाड़ ने किया था. इसमें अरुणा ईरानी और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे.

फिल्म की कहानी जय नाम के एक ईमानदार और मेहनती Police ऑफिसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी हत्या कर दी जाती है. इसके बाद किशन नाम का एक ठग उसकी जगह लेता है और अपने भाई की मौत का बदला लेने का फैसला करता है.

–

पीके/एएस

Leave a Comment