Skip to content
Thursday, 26 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

हापुड़ में मतदाता पंजीकरण की सुस्त रफ्तार पर सीईओ सख्त, 21 दिन में अभियान तेज करने के निर्देश

हापुड़ में मतदाता पंजीकरण की सुस्त रफ्तार पर सीईओ सख्त, 21 दिन में अभियान तेज करने के निर्देश

Lucknow, 25 नवंबर . उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की कवायद के बीच हापुड़ में पंजीकरण की धीमी रफ्तार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के पंजीकरण में हापुड़ प्रदेश में 39वें स्थान पर है, जबकि पड़ोसी जनपद गाजियाबाद इस मामले में पहले स्थान पर है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अगले 21 दिनों में पूरी ताकत से अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को कहा है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने Wednesday को हापुड़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक कर मतदाता पंजीकरण की प्रगति का जायजा लिया.

समीक्षा में सामने आया कि 17 से 24 नवंबर के बीच आठ दिनों में प्राप्त फॉर्म-6 आवेदनों की संख्या के आधार पर हापुड़ प्रदेश के 75 जिलों में 39वें स्थान पर है. वहीं, गाजियाबाद इस मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर है. हापुड़ में प्रति मतदेय स्थल औसतन 6.4 फॉर्म-6 आवेदन प्राप्त हुए हैं.

इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से गाजियाबाद की तर्ज पर अभियान को गति देने और पात्र नागरिकों तक पहुंच बढ़ाने की अपेक्षा की. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में आयोजित मेले के दौरान निर्वाचन कार्यों से जुड़े कई अधिकारी कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात थे. इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन संबंधी कार्यों को पर्याप्त समय दें और पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाएं. उन्होंने मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए. जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता संबंधी जानकारी और आवेदन के लिए अधिक लोग पहुंच रहे हैं, वहां जरूरत के अनुसार अतिरिक्त हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे.

इन केंद्रों पर Governmentी कर्मचारी आलेख्य मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि नागरिक अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकें. हेल्पडेस्क पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने को कहा गया है. इससे नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने, नियमानुसार अपात्र या डुप्लीकेट प्रविष्टियों के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने और नाम-पते में संशोधन कराने की सुविधा मिलेगी. नागरिकों को आवेदन भरने के साथ ईसीआईनेट ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी. नवदीप रिणवा ने 1950 मतदाता हेल्पलाइन का गांव-गांव तक व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि इस टोल फ्री नंबर पर कॉल कर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकती हैं. हेल्पलाइन पर संपर्क करने वाले नागरिकों को संबंधित जनपद के जिला संपर्क केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हापुड़ में करीब 1.70 लाख ऐसे संभावित पात्र नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य है, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने हैं. इसमें 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और अब तक पंजीकरण से छूटे अन्य पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित किया जाएगा और चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. उन्होंने कहा कि अभियान के लिए अब सीमित समय बचा है. 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक उपलब्ध लगभग 21 दिनों का अधिकतम उपयोग करते हुए अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें. बैठक में मतदाता सूची में डुप्लीकेट प्रविष्टियों, स्थानांतरण संबंधी विसंगतियों और अन्य त्रुटियों को दूर करने पर भी जोर दिया गया. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए, जबकि अपात्र और डुप्लीकेट प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

समीक्षा के दौरान महिला मतदाताओं के पंजीकरण और जेंडर रेशियो में सुधार की स्थिति पर भी चर्चा हुई. विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद महिला मतदाताओं की संख्या में आई कमी के मद्देनजर 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और 17 नवंबर 2026 के आंकड़ों की तुलनात्मक समीक्षा की गई. इसमें हापुड़ के जेंडर रेशियो में करीब आठ अंकों का सुधार सामने आया. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस दिशा में जिला निर्वाचन अधिकारी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की.

जिला निर्वाचन अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि महिला मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ाने और जेंडर रेशियो में और सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. बैठक में यह भी सामने आया कि कई बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची पुनरीक्षण के साथ जनगणना संबंधी कार्यों में एन्यूमरेटर की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं. इसके बावजूद अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पात्र नागरिकों के पंजीकरण का काम प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है. सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे और चार जनवरी को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची अधिक समावेशी, शुद्ध और त्रुटिरहित हो.

–

विकेटी/डीकेपी

Share