
Mumbai , 27 सितंबर . नीम करौली बाबा के जीवन पर प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों के बीच अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसका निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने किया है. फिल्म अपनी कहानी और आध्यात्मिक विषय को लेकर चर्चा में है. इस बीच फिल्म के निर्माण से जुड़े अनुभव को साझा करते हुए विशाल चतुर्वेदी ने से कहा कि यह उनके लिए एक स्पिरिचुअल जर्नी रही है. इस दौरान पूरी टीम ने 16-17 घंटे तक लगातार काम किया है. वहीं, फिल्म में नीम करौली बाबा का किरदार निभाने वाले Actor शोभिनव सत्य ने भी बताया कि किस तरह उन्हें यह रोल मिला.
से बात करते हुए निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने कहा, ”हमारी यह पूरी यात्रा एक स्पिरिचुअल जर्नी रही है. हमने इस फिल्म के लिए खुद को पूरी तरह काम के प्रति समर्पित कर दिया था. मेरा मानना है कि सबसे पहले आपको लगातार काम करते रहना होता है. आज भी हमें ऐसा मौका नहीं मिला है कि हम आराम कर सकें. मेरी पूरी टीम ने 16-17 घंटे तक लगातार मेहनत की है. मैं अपनी प्रोड्यूसर्स नम्रता जी. सिंह और रागिनी एस. का भी धन्यवाद करना चाहता हूं. इन सभी लोगों ने मिलकर इस फिल्म को जोड़े रखा और इसे पूरा करने में हमारा साथ दिया.”
उन्होंने आगे कहा, ”मुझे लगता है कि आध्यात्मिकता को समझने और उसे पर्दे पर पेश करने के लिए एक अलग नजरिए की जरूरत होती है. सबसे पहले ईश्वर ने हमें वह नजरिया दिया और फिर हमने उसी अनुभव को फिल्म के जरिए दर्शकों के सामने रखने की कोशिश की. इस फिल्म के पीछे की यात्रा काफी लंबी रही है. मेरी अपनी भी करीब 15 साल की यात्रा रही है. साधु तिवारी, जिनके कई गाने हिट हुए हैं, मैं उन्हें पिछले 12 साल से जानता हूं. उनके साथ मैंने कई काम किए हैं. इसके अलावा भी कई ऐसे कलाकार थे, जो मुझे अपनी नजर में हीरे लगे और मैंने उन्हें इस फिल्म का हिस्सा बनाया.”
से बातचीत में फिल्म में नीम करौली बाबा का किरदार निभाने वाले Actor शोभिनव सत्य ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में उनकी एंट्री भी अपने आप में एक दिलचस्प संयोग रही. उन्होंने कहा, ”मेरी इस फिल्म में एंट्री के पीछे एक अजीब सी कहानी है. मेरे चाचा का निधन हो गया था और एक रीति-रिवाज के तहत मुझे अपने बाल और दाढ़ी कटवानी पड़ी थी. मेरे इस लुक की तुलना कुछ लोगों ने बाबा के लुक से जोड़कर की. लोगों के कहने पर मैंने फिल्म के लिए ऑडिशन दिया और मेरा सलेक्शन हो गया.”
उन्होंने कहा, ”अब जब मैं फिल्म देखता हूं तो मुझे ऐसा लगता है कि इस पूरी यात्रा के दौरान नीम करौली बाबा मेरे अंदर भी थे और मेरे साथ भी. मुझे हमेशा ऐसा महसूस हुआ कि वह मेरा साथ दे रहे थे और शायद वह खुद चाहते थे कि मैं उनका किरदार निभाऊं. जब आप किसी महान संत का किरदार निभाते हैं, तो वहां आपकी एक्टिंग स्किल से ज्यादा भगवान का आशीर्वाद और उस संत का आशीर्वाद काम आता है.”
शोभिनव ने फिल्म के बाद लोगों की प्रतिक्रिया के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, ”इस फिल्म के बाद लोग मुझसे बहुत विनम्रता और श्रद्धा के साथ मिल रहे हैं. कुछ लोग तो मेरे पैर भी छूने लगते हैं. मेरे लिए यह किसी स्टारडम की बात नहीं है, बल्कि यह लोगों के मन में मौजूद भक्ति है. फिल्म को मिल रहे अवॉर्ड्स और ऑस्कर के लिए भरे गए फॉर्म भी हमारे लिए गर्व की बात हैं.”
‘हनुमान अंश’ फिल्म में शोभिनव सत्य के अलावा विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे अहम भूमिकाओं में हैं. विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म को लिखा और डायरेक्ट किया है. इसे रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नगर और विशाल चतुर्वेदी ने प्रोड्यूस किया है.
–
पीके/पीएम