Skip to content
Thursday, 29 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
शिक्षा,मानवीय रुचि,राष्ट्रीय

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से, 34604 अभ्यर्थी होंगे शामिल

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से, 34604 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रायपुर, 28 अक्टूबर . छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा ( ) का आयोजन 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक किया जाएगा. लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं. इस भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर से 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे.

लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के लिए राज्य में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें रायपुर और बिलासपुर में सर्वाधिक 6-6 केंद्र, दुर्ग में 4 केंद्र, भिलाई में 4 केंद्र, जांजगीर-चांपा (चांपा) में 1 केंद्र, सरगुजा में 1 केंद्र तथा बस्तर (जगदलपुर) में 2 केंद्र निर्धारित किए गए हैं.

परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली: दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक और तृतीय पाली: शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक.

परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा. प्रथम पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे, द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को 11 बजे और तृतीय पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 3 बजे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा.

परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

भर्ती परीक्षा के सभी प्रश्नपत्रों की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है. प्रत्येक प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न होंगे और कुल 100 अंक निर्धारित हैं.

प्रत्येक सही उत्तर पर 1 अंक मिलेगा. गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक (एक चौथाई) की निगेटिव मार्किंग होगी. परीक्षा संपन्न होने के बाद मॉडल उत्तर भी जारी किए जाएंगे.

लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं. साथ ही प्रवेश पत्र में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना सुनिश्चित करें.

यह भर्ती प्रक्रिया स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में विभिन्न संविदा पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है, जिससे राज्य के अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षण एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा सकेगा.

–

एएमटी/डीकेपी

Share