Skip to content
Sunday, 22 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

स्मैट: जमशेद आलम का डेब्यू मैच में कहर, 4 गेंदों पर झटके 4 विकेट

स्मैट: जमशेद आलम का डेब्यू मैच में कहर, 4 गेंदों पर झटके 4 विकेट

इंदौर, 22 नवंबर . सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (स्मैट) में रेलवे की तरफ से खेल रहे उत्तर प्रदेश के मध्यम गति के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने यादगार प्रदर्शन करते हुए Sunday को खेले गए मुकाबले में अपनी टीम को सौराष्ट्र के खिलाफ जीत दिलाई.

अपना डेब्यू कर रहे जमशेद आलम सौराष्ट्र की पारी का चौथा ओवर और अपना पहला ओवर लेकर आए. इस ओवर में जमशेद ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट और अपने अगले ओवर में एक और विकेट लेकर अपना फाइफर पूरा किया. वह लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं.

जमशेद को 5 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ 9 गेंदों की जरूरत पड़ी. वह सबसे कम गेंदों में टी20 में 5 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. जमशेद पुरुषों के टी20 में डेब्यू करते हुए 5 विकेट लेने वाले छठे भारतीय गेंदबाज बने हैं. जमशेद ने मैच में 38 रन देकर 5 विकेट लिए.

जमशेद ने अपने शुरुआती ओवर में हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहीर और समर गज्जर को आउट किया. इसके बाद अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा का विकेट लिया. जमशेद की घातक गेंदबाजी की वजह से एक समय सौराष्ट्र का स्कोर 6 विकेट पर 30 रन था.

जमशेद से पहले 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने की उपलब्धि सिर्फ दो भारतीयों ने हासिल की थी. कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने नवंबर 2019 में Haryana के खिलाफ 20वें ओवर में चार विकेट लिए थे, जबकि विदर्भ के दर्शन नलकांडे ने नवंबर 2021 में कर्नाटक के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी. दोनों बार यह उपलब्धि अपनी-अपनी पारी के 20वें ओवर में हासिल की गई.

India के बाहर सिर्फ दो गेंदबाजों ने पुरुषों के टी20 में जमशेद से कम गेंदों में पांच विकेट लिए हैं. इंडोनेशिया के गेडे प्रियंदना ने कंबोडिया के खिलाफ सिर्फ छह गेंदों में पांच विकेट लिए थे, जबकि फिनलैंड के महेश तांबे ने एस्टोनिया के खिलाफ आठ गेंदों में पांच विकेट लिए थे. दोनों उपलब्धियां 2025 में हासिल की गई थीं.

मैच की बात करें तो रेलवे ने 5 विकेट पर 182 रन बनाए थे. सौराष्ट्र 8 विकेट पर 153 रन बना सकी और 29 रन से हार गई.

–

पीएके

Share