Skip to content
Friday, 27 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
विज्ञान/प्रौद्योगिकी,व्यापार

सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार रिकवरी, निचले स्तरों पर खरीदारी से उछले दाम; सिल्वर में 8,000 रुपए से ज्यादा की बढ़त

सोने चांदी की कीमतों में जोरदार रिकवरी, निचले स्तरों पर खरीदारी से उछले दाम; सिल्वर में 8,000 रुपए से ज्यादा की बढ़त

सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार रिकवरी, निचले स्तरों पर खरीदारी से उछले दाम; सिल्वर में 8,000 रुपए से ज्यादा की बढ़त

New Delhi, 27 नवंबर . पिछले कई कारोबारी सत्रों से जारी भारी गिरावट के बाद हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन Friday को सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार रिकवरी देखने को मिली. निचले स्तरों पर खरीदारी और शॉर्ट कवरिंग के चलते दोनों कीमती धातुओं के दाम तेजी से उछले. हालांकि अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़े और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के कारण ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका अभी भी बनी हुई है, जिससे आगे की तेजी सीमित रह सकती है.

एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 2,028 रुपए की बढ़त के साथ 1,24,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला. कारोबार के दौरान यह 3,100 रुपए या 2.6 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,25,400 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया. हालांकि दिन के कारोबार में इसने 1,25,410 रुपए का हाई बनाया. इससे पहले पिछले सत्र में सोना 1,22,272 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

हालिया गिरावट में सोना अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से काफी नीचे फिसल गया था, जिसके बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू कर दी.

वहीं, चांदी में सोने की तुलना में अधिक मजबूती देखने को मिली. एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 1,45,843 रुपए से 5,833 रुपए की छलांग के साथ 1,51,676 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली और बाद में यह 5.70 प्रतिशत यानी 8,300 रुपए की उछाल के साथ 1,54,150 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती दिखी. वहीं, दिन के कारोबार में इसने 1,54,251 रुपए का हाई टच किया.

बाजार जानकारों का कहना है कि हालिया बिकवाली में चांदी सोने से अधिक गिरी थी, इसलिए रिकवरी भी अधिक तेज रही.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का माहौल रहा. कॉमेक्स पर सोना लगभग 3,659 डॉलर प्रति औंस और चांदी 44.10 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार करती नजर आई. डॉलर में नरमी और तकनीकी शेयरों में सुधार से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी, जिसका फायदा बुलियन बाजार को मिला.

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कीमती धातुओं में हालिया तेज गिरावट के बाद जिस तकनीकी रिकवरी की उम्मीद थी, वह अब दिखाई देने लगी है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इक्विटी बाजारों में स्थिरता लौटने और बिकवाली का दबाव कम होने से सोना-चांदी को सहारा मिला है. हालांकि दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना बनी हुई है, जो आगे की तेजी पर दबाव डाल सकती है.

तकनीकी विश्लेषण के अनुसार, कॉमेक्स गोल्ड के लिए 3,630-3,660 डॉलर का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट बन गया है, जबकि ऊपर की ओर 3,730-3,760 डॉलर पहला प्रमुख प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) क्षेत्र है. दूसरी ओर चांदी के लिए 43.50-44.00 डॉलर का दायरा अहम प्रतिरोध माना जा रहा है. यदि यह स्तर टूटता है तो तेजी और मजबूत हो सकती है.

घरेलू बाजार में एमसीएक्स गोल्ड के लिए 1,26,300-1,27,000 रुपए का क्षेत्र प्रमुख प्रतिरोध के रूप में देखा जा रहा है, जबकि चांदी के लिए 1,56,000-1,58,000 रुपए का स्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

विश्लेषकों का कहना है कि हालिया तेजी फिलहाल तकनीकी रिकवरी जैसी दिख रही है, लेकिन यदि वैश्विक संकेतक अनुकूल रहे तो इसमें और मजबूती आ सकती है.

इस बीच कच्चे तेल में भी तेजी देखने को मिली. मध्य पूर्व में आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई क्रूड दोनों ऊंचाई पर कारोबार कर रहे हैं. वहीं डॉलर के मुकाबले रुपये में हल्की कमजोरी ने भी घरेलू सोने-चांदी की कीमतों को अतिरिक्त समर्थन दिया है.

–

डीबीपी

Share