Skip to content
Tuesday, 17 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
रक्षा,राष्ट्रीय

सेना प्रमुख ने चेक गणराज्य संग रक्षा सहयोग सीबीआरएन सुरक्षा पर की वार्ता

सेना प्रमुख ने चेक गणराज्य संग रक्षा सहयोग सीबीआरएन सुरक्षा पर की वार्ता

New Delhi, 17 नवंबर . India और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा हुई है. इसके अंतर्गत सैन्य शिक्षा, ट्रेनिंग और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु खतरों से निपटने की क्षमता पर वार्ता हुई.

भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान वहां के प्रमुख रक्षा संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यह बातचीत की. इन बैठकों में दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने, अधिकारियों के पेशेवर आदान-प्रदान और रक्षा क्षेत्र में प्रशिक्षण के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया.

जनरल धीरज सेठ ने ब्रनो स्थित डिफेंस यूनिवर्सिटी के रेक्टर-कमांडर ब्रिगेडियर जनरल जान फारलिक से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में आपसी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की. डिफेंस यूनिवर्सिटी के साथ सहयोग से दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों को एक-दूसरे के अनुभवों और प्रशिक्षण प्रणालियों को समझने के अवसर मिल सकते हैं.

सेना प्रमुख ने संयुक्त रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु रक्षा उत्कृष्टता केंद्र के संचालन सहायता विभाग के निदेशक कर्नल जारोस्लाव रयबाक से भी बातचीत की. इस बैठक में सीबीआरएन रक्षा से जुड़े विषयों पर सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया. सीबीआरएन रक्षा का संबंध रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु खतरों से सैनिकों तथा सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से है. आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों के बीच इन खतरों की पहचान, उनसे बचाव और उनके प्रभावों से निपटने की क्षमता सैन्य बलों के लिए महत्वपूर्ण है.

सेना के मुताबिक दोनों देशों के बीच हुई इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य रक्षा संबंधों को व्यापक बनाना और सैन्य स्तर पर आपसी तालमेल को मजबूत करना रहा. जनरल धीरज सेठ की यह यात्रा India और चेक गणराज्य की ओर से रक्षा शिक्षा, प्रशिक्षण, पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान और सीबीआरएन रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है. गौरतलब है कि भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर हैं. उनकी यह यात्रा 16 नवंबर से प्रारंभ हुई है और 19 नवंबर तक जारी रहेगी.

इस चार दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य India और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना और रक्षा तकनीक एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना है. चेक गणराज्य की यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ यहां चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर रहे हैं. दोनों पक्षों के बीच सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण और सेनाओं के आधुनिकीकरण पर वार्ता की जा रही है.

इसके अलावा दोनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारी उभरती सुरक्षा चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे. सेना प्रमुख यहां चेक गणराज्य के रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं. मुलाकात के दौरान आपसी हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा. इस यात्रा में रक्षा प्रशिक्षण और सैन्य क्षमताओं को समझने पर भी विशेष फोकस रहेगा.

–

जीसीबी/एसके

Share