
Mumbai , 4 अक्टूबर . भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर सिंगितम श्रीनिवास राव के निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. उनका निधन 3 अक्टूबर को 95 साल की उम्र में हुआ. उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते कावेरी अस्पताल में आखिरी सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद Actor कमल हासन, जूनियर एनटीआर और फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली समेत कई बड़े सेलेब्स ने उन्हें याद किया.
एस.एस. राजामौली ने फिल्ममेकर को याद करते हुए लिखा, “सिंगितम श्रीनिवास राव के निधन की खबर बेहद दुखद है. ‘आदित्य 369’, ‘पुष्पक विमान’ और ‘मयूरी’ जैसी फिल्में बनाने वाले सिंगितम ऐसे फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अपने समय से आगे की सोच के साथ काम किया. उनकी फिल्मों में ऐसा नजरिया था, जो आज भी नई पीढ़ी को उतना ही ताजा महसूस होता है. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें.”
Actor जूनियर एनटीआर ने भी सिंगितम के निधन पर दुख जताया और उनके सिनेमा में दिए योगदान को याद किया. उन्होंने लिखा, ”यह खबर कि सिंगितम श्रीनिवास राव अब नहीं रहे, बहुत दुख देने वाली है. उन्होंने अपनी अलग कहानी और नए अंदाज से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई. उनका जाना सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है. मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.”
वहीं, कमल हासन ने सिंगितम श्रीनिवास राव के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि दी. बता दें कि दोनों के बीच लंबे समय से करीबी पेशेवर और निजी रिश्ता रहा है. कमल हासन ने लिखा, ”सिंगितम ने अपनी जिंदगी में हमेशा युवापन और नई सोच को जिंदा रखा. वह अपने दोस्तों और शिष्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले और उनका हाथ थामे रखा, ‘मैं उनमें से एक हूं. जब से मैंने सिंगितम को जाना है, तब से उन्हें पसंद करता आया हूं. मैं उनकी तरह जिंदगी जीना चाहता हूं.’”
बता दें कि सिंगितम श्रीनिवास राव को भारतीय सिनेमा में अपनी अलग कहानियों के लिए जाना जाता है. उन्होंने अपने लंबे करियर में कई यादगार फिल्में बनाईं. उनकी चर्चित फिल्मों में ‘राजा पारवई’, ‘लिटिल जॉन’, कमल हासन स्टारर ‘अपूर्वा सगोधरगल’, ‘माइकल मदन काम राजन’, ‘कधला कधला’, ‘पुष्पक विमान’ और ‘आदित्य 369’ जैसी फिल्में शामिल हैं.
–
पीके/एएस