‘सभी चाहते हैं कि हम वर्ल्ड चैंपियन की तरह खेलें’: टेंबा बावुमा

गकेबरहा, 23 अक्टूबर . दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में हराकर 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली. दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया पर पारी और 31 रन से जीत दर्ज की. टेंबा बावुमा को 179 रन की यादगार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
दक्षिण अफ्रीका ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पर एकतरफा जीत हासिल की और अपनी श्रेष्ठता साबित की.
मैच के बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हर कोई चाहता है कि हम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन के तौर पर अपना दम दिखाएं. हम जो कुछ भी करते हैं, उस पर सबकी नजर रहती है. डरबन में हमारे प्रदर्शन के बाद हमें यह एहसास हुआ. हालांकि, हमें यह भी पता चला कि मजबूत विपक्षी के खिलाफ खेलने का क्या मतलब होता है.”
दूसरे टेस्ट में तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने वापसी की और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया. उनके प्रदर्शन पर बावुमा ने कहा, “उनकी वैल्यू बहुत ज्यादा है. जब वह मैदान पर होते हैं, तो गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करने का दबाव लेते हैं. मेरा मानना है कि इससे बाकी सभी को वह करने का मौका मिलता है, जो उन्हें करना चाहिए. रबाडा दूसरे खिलाड़ियों को प्रेरणा देने वाले खिलाड़ी हैं.”
रबाडा पहले टेस्ट में इंजरी की वजह से नहीं खेल पाए थे. इसका नुकसान दक्षिण अफ्रीका को हार के तौर पर उठाना पड़ा. दूसरे मैच में फिट होने के साथ ही उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई. मैच में 6 विकेट लेकर उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई.
दूसरे टेस्ट की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन पर 6 विकेट गंवाने के बावजूद कप्तान टेंबा बावुमा के 179, मार्को जानसेन के 85 और सिमोन हार्मर के 82 रनों की मदद से 9 विकेट पर 425 रन बनाकर पारी घोषित की.
ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 99 रन पर ऑल आउट हो गई. दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को जानसेन ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए.
फॉलोऑन खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया ट्रेविस हेड की 121 रनों की पारी के बावजूद 295 रन पर सिमट गई और पारी और 31 रन से मैच हार गई.
–
पीएके


