Skip to content
Tuesday, 20 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

वाराणसी: बरेका में विजयादशमी पर भीड़ प्रबंधन के लिए 7 गेट और 3 रंग के पास

वाराणसी: बरेका में विजयादशमी पर भीड़ प्रबंधन के लिए 7 गेट और 3 रंग के पास

वाराणसी, 19 अक्टूबर . बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में इस साल विजयादशमी का पर्व भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां की जा रही हैं. दशहरा उत्सव के दौरान रावण का 70 फुट, कुंभकर्ण का 65 फुट और मेघनाद का 60 फुट ऊंचा पुतला दहन किया जाएगा. इस बार आयोजन की खासियत यह होगी कि पुतलों को आकर्षक बनाने के लिए केमिकल वाले रंगों के बजाय रंग-बिरंगे कपड़ों से सजाया जा रहा है. आयोजकों को कार्यक्रम में 60 हजार से 80 हजार तक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) राजेश कुमार ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी विजयादशमी पर रावण दहन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा. पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए पुतलों की सजावट में बदलाव किया गया है. पहले पुतलों को आकर्षक बनाने के लिए केमिकल रंगों का इस्तेमाल किया जाता था. इस बार उनकी जगह रंग-बिरंगे कपड़ों का उपयोग किया जा रहा है. इससे पुतलों को नया रूप मिला है और वे पहले की तुलना में अधिक आकर्षक तथा चमकीले दिखाई दे रहे हैं. पहले रंगों के इस्तेमाल से पुतलों पर एक जैसे रंगों के अलग-अलग शेड नजर आते थे, जबकि कपड़ों से की गई सजावट उन्हें अलग लुक दे रही है. इसे आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में से एक बताया गया है.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बरेका के क्रिकेट स्टेडियम में भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है. राजेश कुमार ने बताया कि यहां आने वाले दर्शकों के लिए सफेद, लाल और पीले रंग के तीन प्रकार के पास वितरित किए जाते हैं. इन पास के आधार पर अलग-अलग दर्शकों को निर्धारित क्षेत्र और गेट से प्रवेश दिया जाता है. उन्होंने बताया कि स्टेडियम के आसपास सड़कें हैं और दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए सात गेट बनाए गए हैं. प्रवेश और बाहर निकलने के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं, ताकि सभी लोग एक ही रास्ते से न आएं और भीड़ अलग-अलग हिस्सों में बंटकर व्यवस्थित तरीके से अपने स्थान तक पहुंच सके.

पीआरओ ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सही रास्ते की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन, प्रदेश Police, रेलवे सुरक्षा बल, बरेका, सिविल डिफेंस और भारतीय स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे. यातायात Police भी दर्शकों को उनके पास के अनुसार निर्धारित गेट और मार्ग की जानकारी देगी.

राजेश कुमार ने आगे कहा कि बरेका की स्थापना से पहले से ही इस क्षेत्र में रावण दहन की परंपरा चली आ रही है. अब बरेका के कर्मचारी विजयादशमी समिति के माध्यम से इस आयोजन को लगातार व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराते आ रहे हैं.

–

पीएसके

Share