
Lucknow, 27 सितंबर . उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है. 24 सितंबर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. इसे लेकर Lucknow की मेयर सुषमा खर्कवाल ने शहर में जलभराव की समस्या और नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों पर जानकारी दी.
मेयर सुषमा खर्कवाल ने से बात करते हुए कहा कि 24 तारीख से लगातार हो रही वर्षा ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. नगर निगम द्वारा जहां-जहां जलभराव की समस्या थी, वहां सभी जगह पंप लगाए गए हैं. इस बार पहले के मुकाबले शिकायतें कम आई हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लो-लाइन इलाके हैं जहां पानी भर जाता है लेकिन वहां भी नगर निगम ने पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की है.
मेयर ने बताया कि जलभराव की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. लोगों की शिकायतें लगातार आ रही हैं और उनका तुरंत समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है.
सुषमा खर्कवाल ने कहा कि भारी बारिश के कारण कल शहर में एक सौ साल पुराना विशाल पेड़ गिर गया था, जिसे नगर निगम की टीम ने तुरंत हटाया. इसके अलावा कई जगहों पर बिजली के पोल गिरने की भी घटनाएं हुई हैं, जिन्हें ठीक करने का काम किया गया है. नगर निगम की टीमें रात भर सक्रिय रहकर काम कर रही हैं.
उन्होंने बताया कि कल वह खुद इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड में मौजूद रहीं और पार्षद कल्पना वर्मा के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया. नगर आयुक्त लगातार शहर का दौरा कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. Lucknow के जिलाधिकारी भी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं.
मेयर ने कहा कि बारिश अभी भी जारी है. इसके बावजूद कोशिश की जा रही है कि जनता को ज्यादा परेशानी न हो और दो से तीन घंटे के अंदर जलभराव की समस्या का समाधान कर दिया जाए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और हर शिकायत पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है.
–
पीआईएम/पीएम